Bareilly News: बरेली में गणित टीचर ने सुसाइड नोट लिख दी जान; प्रेमिका और भाइयों पर प्रताड़ना का आरोप

Bareilly Teacher Suicide: बरेली के इज्जतनगर में गणित शिक्षक वशिष्ठ मुनि ने फांसी लगाकर की खुदकुशी। 4 पन्नों के सुसाइड नोट में प्रेमिका और उसके भाइयों पर लगाए गंभीर आरोप।

उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रेम प्रसंग और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर एक गणित टीचर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना इज्जतनगर थाना क्षेत्र के धौरेरा माफी गांव की है. पुलिस को मौके से चार पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें टीचर ने अपनी प्रेमिका और उसके भाइयों को मौत का जिम्मेदार बताया है. सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

दरअसल, गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के सुअरज गांव निवासी 26 वर्षीय वशिष्ठ मुनि बरेली के नवाबगंज के बरौर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में गणित के टीचर थे. वह इज्जतनगर के धौरेरा माफी में किराये पर कमरा लेकर रहते थे.

शुक्रवार को जब उनके पिता ने फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई. इसके बाद मकान मालिक को जानकारी दी गई. कमरे में जाकर देखा गया तो वशिष्ठ मुनि का शव फंदे पर लटका मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल की. पुलिस ने रात में ही पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया.

सुसाइड नोट के आधार पर जांच

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि टीचर के मोबाइल में उसकी प्रेमिका की काफी कॉल और मैसेज मिले हैं. शुरुआती जांच में दोनों के बीच लंबे समय से विवाद और मानसिक दबाव की बात सामने आई है. चार पन्नों के सुसाइड नोट में टीचर ने लिखा है कि प्रेमिका और उसके भाई लगातार परेशान कर रहे थे. उन पर रुपये लेने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.

पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल, मैसेज और सुसाइड नोट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.