Basti Crime News: पारिवारिक कलह में मां बनी कातिल! 6 साल के बेटे की हत्या कर खुद का रेता गला; गांव में मचा कोहराम
उत्तर प्रदेश के बस्ती में रूह कपा देने वाली वारदात! हरदी गांव में सास से विवाद के बाद मां ने अपने 6 वर्षीय मासूम की जान ली और फिर खुदकुशी की कोशिश की। पुलिस जांच जारी।
उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदी गांव में बुधवार सुबह हड़कंप मच गया. एक घर के भीतर से आ रही चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने कमरे के अंदर मासूम का शव और मां को मरणासन्न स्थिति में देखा. 6 वर्षीय बालक की मौत से पूरे गांव में कोहराम मच गया है. वहीं घायल मां को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है. घटना की वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हरदी गांव निवासी संदीप सिंह की पत्नी कीर्ति सिंह अपने 6 वर्षीय पुत्र प्रभव सिंह के साथ घर पर थी. बताया जा रहा है कि सुबह किसी बात को लेकर कीर्ति का अपनी सास से विवाद हुआ था. विवाद के बाद कीर्ति ने अपने बेटे के साथ खुद को कमरे के भीतर बंद कर लिया. कुछ देर बाद कमरे से तेज चीखें सुनाई देने लगीं. शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए.
मां ने की बेटे की हत्या
कमरे के भीतर मासूम प्रभव का मृत शव पड़ा हुआ था और कीर्ति गंभीर रूप से घायल होकर तड़प रही थी. वह अपने बेटे के शव के पास ही बदहवास हालत में पड़ी चीख रही थी. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. कीर्ति ने गुस्से में आकर अपने ही बच्चे की काल बन गई और बेरहमी से उसकी हत्या कर दी. कीर्ति को पछतावा तब हुआ जब उसने देखा कि उसके बेटे की मौत हो गई है, तो उसने खुद भी अपना गला काट लिया और आत्महत्या की कोशिश की.
सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी श्यामाकांत और थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. डायल 112 की मदद से घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फोरेंसिक टीम) को भी मौके पर बुलाया गया है.
पुलिस कर रही मृतक के पिता की तलाश
एएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक कलह से जोड़कर देखा जा रहा है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह आत्मघाती कदम है या इसके पीछे कोई और कारण. कहा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी. मृत बच्चे के पिता लापता है, इसलिए शक की सुई फिलहाल पिता पर ही जा रही है.
परिजनों के अनुसार, कीर्ति और उसकी सास के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी. बुधवार सुबह भी विवाद काफी बढ़ गया था, जिसके बाद कीर्ति ने यह खौफनाक कदम उठाया. फिलहाल पुलिस गांव के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है.