CBLU भिवानी: स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 6 जुलाई को ओपन काउंसिलिंग

चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय (CBLU) में स्नातक (UG) की रिक्त सीटों के लिए 6 जुलाई को ओपन काउंसिलिंग। समय, जरूरी दस्तावेज और अन्य जानकारी यहां देखें।

भिवानी। चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) में स्नातक पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 6 जुलाई को विश्वविद्यालय परिसर में ओपन काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। रिक्त सीटों पर प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर सुबह 9 बजे अपने समस्त मूल प्रमाणपत्रों, उनकी सत्यापित प्रतियों तथा आवश्यक शुल्क सहित संबंधित विभाग में उपस्थित होकर ओपन काउंसिलिंग में भाग ले सकते हैं।

दाखिला पूर्ण रूप से विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों, पात्रता मानदंडों तथा उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाएगा। अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट तथा प्रवेश पोर्टल पर प्राप्त कर सकते हैं। दरअसल, चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संचालित विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे प्रतीक्षा किए बिना समय रहते ओपन काउंसिलिंग में भाग लेकर प्रवेश सुनिश्चित करें। विश्वविद्यालय में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए सहित अन्य स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए यह प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।

दाखिला कोऑर्डिनेटर प्रो. सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक अधोसंरचना, कुशल संकाय, नवाचार तथा कौशल आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.