CBLU भिवानी: PG दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ी, जानें क्या है नया अपडेट
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (CBLU) ने PG और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में आवेदन की अंतिम तिथि 9 जुलाई की। 30 जून को UG रिक्त सीटों के लिए होगी फिजिकल काउंसिलिंग।
भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर (पीजी), डिप्लोमा एवं प्रमाण-पत्रीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 9 जुलाई कर दी है। ऐसे में किसी कारणवश दाखिले से वंचित रहे विद्यार्थियों को आवेदन का एक और अवसर मिलेगा। वहीं विश्वविद्यालय यूजी पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 30 जून को फिजिकल काउंसिलिंग भी आयोजित करेगा।
विश्वविद्यालय ने ऐसे विद्यार्थियों को भी आवेदन करने की अनुमति दी है जिनके अंतिम सेमेस्टर अथवा अंतिम वर्ष का परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है। हालांकि यह सुविधा इस शर्त के साथ होगी कि संबंधित विद्यार्थी प्रथम काउंसिलिंग से पहले अपना लंबित परिणाम विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपडेट करवाएं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस निर्णय का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में प्रवेश का अवसर प्रदान करना और उनकी सुविधा सुनिश्चित करना है।
विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विभिन्न यूजी पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 30 जून को फिजिकल काउंसिलिंग आयोजित करेगा। यह काउंसिलिंग विश्वविद्यालय के पुराने परिसर में होगी। दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर रिक्त सीटों पर ऑन द स्पॉट एडमिशन ले सकेंगे। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है उन्हें भी ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी जाएगी। विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।