Delhi Crime: दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में 16 साल के किशोर की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में सनसनी: गौतम विहार इलाके में 16 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर हत्या। आपसी रंजिश का अंदेशा, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस।

दिल्ली का उत्तर-पूर्वी जिला एक बार फिर खून से लाल हो गया है. न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के गौतम विहार इलाके में देर रात एक 16 वर्षीय किशोर की धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है.

मिली जानकारी के अनुसार, हमलावरों की संख्या तीन से चार बताई जा रही है. आरोपियों ने किशोर को अकेले पाकर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया. हमले के बाद किशोर खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात की गंभीरता को देखते हुए न्यू उस्मानपुर पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि वे इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके. शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है, हालांकि हत्या के सटीक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.