Gorakhpur News: प्रेमिका की हत्या कर झाड़ियों में फेंका शव, एनकाउंटर के बाद आरोपी प्रेमी गिरफ्तार
गोरखपुर में प्रेमिका की हत्या कर फरार प्रेमी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार। कुसम्ही जंगल के पास जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली, अवैध असलहा और मंगलसूत्र बरामद।
यूपी के गोरखपुर में प्रेमिका की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंकने वाले आरोपी प्रेमी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. आरोपी बिहार भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजधारी यादव के रूप में हुई है, जो बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बोधरवा मैनागढ़ का रहने वाला है. वह गोरखपुर के हुमायूंपुर इलाके में रहकर पापड़ फैक्ट्री में काम करता था. पुलिस ने उसके पास से तमंचा, चाकू, जिंदा कारतूस और मृतका का मंगलसूत्र बरामद किया है.
दोनों के बीच था प्रेम संबंध
पुलिस के मुताबिक आरोपी की मुलाकात महाराजगंज जिले की रहने वाली महिला बर्फी से फैक्ट्री में काम करने वाले एक व्यक्ति के जरिए हुई थी. बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध हो गया. हालांकि बाद में महिला की किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा था.
आरोपी ने कैसे की हत्या?
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला को घुमाने के बहाने बिहार लेकर गया था. वापस लौटते समय 5 मई को गोरखपुर के छावनी रेलवे स्टेशन से कूड़ाघाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर उसने चाकू से हमला कर महिला की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया था. रेलवे ट्रैक के किनारे शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. तीन दिन बाद शव की पहचान महाराजगंज निवासी बर्फी के रूप में हुई.
पुलिस ने कैसे पकड़ा?
शनिवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बिहार भागने की कोशिश कर रहा है. इसके बाद पुलिस ने बिहार जाने वाले रास्तों पर चेकिंग शुरू की. कुसम्ही जंगल के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो आरोपी जंगल की ओर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे दबोच लिया.
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि आरोपी हत्या के मामले में वांछित था और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.