Haryana Weather Update: हरियाणा में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, रोहतक में पारा 45.3°C पार, जानें कब मिलेगी राहत
हरियाणा में भीषण हीटवेव का टॉर्चर जारी। रोहतक में पारा 45.3 डिग्री पहुंचा। मौसम विभाग ने बताया 27 मई तक कैसा रहेगा मौसम और कब होगी बारिश।
चंडीगढ़: हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली. सिरसा के डबवाली और झज्जर के कई गांवों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई. वहीं फरीदाबाद, फतेहाबाद और महेंद्रगढ़ में बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली. हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्म हवाओं का असर अब भी बना हुआ है.
रोहतक में पारा पहुंचा 45 डिग्री के पार: प्रदेश में तापमान लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है. शुक्रवार को रोहतक हरियाणा का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक रहा. वहीं फरीदाबाद के बोपानी क्षेत्र में तापमान 45.1 डिग्री तक पहुंच गया. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिनभर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
इन जिलों में सबसे ज्यादा दिखा लू का असर: मौसम विभाग के अनुसार सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और रेवाड़ी में लू का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला. दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा. कई जिलों में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और लोग घरों में रहने को मजबूर हुए.
4 दिन बाद मौसम बदलने के संकेत: IMD चंडीगढ़ के अनुसार 23 से 27 मई तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों के दौरान गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है. विभाग ने 28 मई को कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी के आसार जताए हैं.
हीटवेव को लेकर मौसम विभाग की सलाह: मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, रोहतक, सोनीपत, हिसार और सिरसा समेत कई जिलों में हीटवेव का असर रहने की चेतावनी दी है. लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है.