Hathras Crime: हाथरस में मामूली बात पर खौफनाक कदम, पत्नी ने सुबह सोकर उठाया तो पति ने खुद को मारी गोली
हाथरस के सिकंदराराऊ में हैरान करने वाली घटना। सुबह नींद से जगाने पर पत्नी से हुआ झगड़ा, गुस्से में आकर 35 वर्षीय पति ने तमंचे से सिर में गोली मारकर की खुदकुशी।
उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के सिकंदराराऊ में एक 35 वर्षीय व्यक्ति ने सुबह के समय जगाने को लेकर पत्नी से हुए झगड़े के बाद आत्महत्या कर ली. पुलिस के अनुसार, घटना सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के रामपुर बट्टारी गांव की है. जानकारी के मुताबिक पति ने सुबह नींद से उठाने की बात पर नाराज होकर मौत को गले लगा लिया.
दरअसल, सुबह पत्नी ने बच्चों के स्कूल जाने के बाद पति को उठाया, जिस पर वह नाराज हो गया और दोनों के बीच बहस हो गई. पत्नी ने बाद में उसे रोज की तरह चाय दी, लेकिन वह गुस्से में अपने कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और गोली मारकर आत्महत्या कर ली.
पुलिस ने बताई कहानी
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है. पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित पाठक ने बताया कि सुबह करीब 8:45 बजे उसने कमरे में रखे देसी तमंचे से खुद को सिर में गोली मार ली. पाठक ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर उसकी पत्नी और मोहल्ले के कुछ लोगों ने कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर बिस्तर पर लालू का खून से लथपथ शव मिला.
पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसे अंदाजा नहीं था कि इतनी छोटी बात इतना बड़ा रूप ले लेगी. दोनों की शादी करीब सात साल पहले हुई थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है.