Heatwave in Delhi: गोपाल राय ने शुरू किया ‘हीट वेव राहत अभियान’, बाबरपुर में 24 घंटे मिलेगा ठंडा पानी और ORS

दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच गोपाल राय ने शुरू किया 'हीट वेव राहत अभियान'। बाबरपुर में जल सेवा केंद्र, ORS और मुफ्त पौधा वितरण की शुरुआत। जानें हेल्पलाइन नंबर और इमरजेंसी सुविधाएं।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने अपनी विधानसभा बबारपुर में हीट वेव राहत अभियान की शुरूआत की. इसके तहत 24 घंटे शीतल जल उपलब्ध कराने के लिए जल सेवा केंद्रों का उद्घाटन भी किया. उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया सुपर अल निनो के कारण भीषण हीट वेव की चपेट में हैं. इस बरसती हुई आग का सबसे घातक प्रहार उन मेहनतकश लोगों पर होता है जो अपनी आजीविका के लिए सड़कों पर रहते हैं.

इन केंद्रों के माध्यम से मजदूर, ऑटो-रिक्शा व ई-रिक्शा चालक, बेघर लोग, राहगीर, डिलीवरी पार्टनर्स, रेहड़ी-पटरी वाले, सुरक्षा गार्ड और सफाई कर्मचारी आदि भाइयों और बहनों के लिए मटकों में 24 घंटे शीतल जल उपलब्ध रहेगा. साथ ही, धूप से बचाव के लिए टोपी-गमछा, ORS और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधा वितरण किया गया. मानवता की रक्षा और इस संकट में अपनों का साथ देना ही हमारा पहला कर्तव्य है.

पूरी दुनिया में प्राकृतिक परिवर्तन

गोपाल राय ने कहा कि 140 साल बाद पूरी दुनिया में प्राकृतिक परिवर्तन हो रहा है. इसे पूरी दुनिया के वैज्ञानिक अलनिनो के नाम से पुकार रहे हैं. इसके कारण 140 साल बाद पूरी दुनिया पर एक भयंकर लू का प्रकोप आ रहा है. आज आम आदमी पार्टी की तरफ से हमने अपनी विधानसभा के अंदर हीट वेव राहत अभियान शुरू किया है, जिसके तहत हम लोग जगह-जगह पर जल सेवा केंद्र शुरू कर रहे हैं.

पौधा वितरण का अभियान

आज से पौधा वितरण का अभियान भी शुरू किया गया है. इसके साथ ही जो मेहनतकश लोग मजदूरी करते हैं, निर्माण कार्य करते हैं, रिक्शा, ऑटो या बस चलाते हैं और जगह-जगह ठेले लगाते हैं, उन लोगों को सफेद टोपियां, गमछे और ORS के पैकेट दिए जा रहे हैं.

मिनी हॉस्पिटल में इमरजेंसी सेवा शुरू

गोपाल राय ने कहा कि हमने पूरी विधानसभा के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है. अगर कहीं भी किसी को दिक्कत हो रही है, तो विधानसभा में हमारे मिनी हॉस्पिटल में इमरजेंसी सेवा शुरू की गई है. हमारी कोशिश है कि 140 साल बाद मानवता के ऊपर जो यह प्राकृतिक आपदा आ रही है, उससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को राहत पहुंचाई जाए. इसी भावना से आज पूरे विधानसभा क्षेत्र में हीट वेव राहत अभियान शुरू किया गया है.

सरकार ने की कूलिंग जोन की शुरुआत

दिल्ली सरकार द्वारा बनाए गए कूलिंग जोन को लेकर गोपाल राय ने कहा कि सरकार ने कूलिंग जोन की शुरुआत की है, लेकिन पूरी दिल्ली की आबादी को देखा जाए तो उसके हिसाब से अभी प्रबंध काफी कम है. पूरी दिल्ली के अंदर और भी जल सेवा केंद्रों, ठंडे पानी, ओआरएस और कैप की जरूरत है, जिससे लोग अपनी जिंदगी को सुरक्षित रखते हुए अपनी रोजी-रोटी कमा सकें और अपनी जिंदगी को आगे बढ़ा सकें. सरकार ने शुरुआत जरूर की है, लेकिन पूरी दिल्ली के हिसाब से देखा जाए तो यह अभी ऊंट के मुंह में जीरा के बराबर है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.