HP AI Print: एचपी ने लॉन्च किया एआई प्रिंटिंग फीचर, बचाएगा कागज और इंक

HP का नया एआई ऑप्टिमाइज प्रिंट फॉर्मेटिंग फीचर अब वेबपेज से विज्ञापनों को हटाकर केवल जरूरी कंटेंट प्रिंट करेगा। जानें कैसे यह तकनीक आपकी इंक और कागज की बचत करेगी।

एचपी ने अपने चुनिंदा इंकजेट प्रिंटर्स के लिए एआई ऑप्टिमाइज प्रिंट फॉर्मेटिंग फीचर पेश किया है. कंपनी का दावा है कि यह नई एआई तकनीक प्रिंटिंग को पहले से ज्यादा स्मार्ट, आसान और उपयोगी बनाएगी. यह फीचर वेबपेज, डॉक्यूमेंट और स्प्रेडशीट को अपने आप ऑप्टिमाइज कर केवल जरूरी कंटेंट प्रिंट करता है. इससे न सिर्फ साफ आउटपुट मिलता है, बल्कि कागज और इंक की भी बचत होती है. नई तकनीक खास तौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकती है जो रोजाना आर्टिकल, रेसिपी, स्टडी मटेरियल या ऑफिस डॉक्यूमेंट प्रिंट करते हैं. एआई की मदद से अनावश्यक विज्ञापन और अतिरिक्त कंटेंट हट जाते हैं, जिससे प्रिंटिंग का एक्सपीरियंस बेहतर बनता है.

एआई ऑप्टिमाइज प्रिंट फॉर्मेटिंग क्या है?

कंपनी का कहना है कि एचपी का नया एआई ऑप्टिमाइज प्रिंट फॉर्मेटिंग फीचर प्रिंटिंग के दौरान आने वाली कई आम समस्याओं को दूर करने के लिए तैयार किया गया है. जब कोई यूजर किसी वेबपेज, डॉक्यूमेंट या स्प्रेडशीट को प्रिंट करता है, तो कई बार उसके साथ विज्ञापन, बैनर और अन्य अनावश्यक कंटेंट भी प्रिंट हो जाता है. इससे अतिरिक्त पेज और ज्यादा इंक खर्च होती है. एआई आधारित यह तकनीक कंटेंट का एनालिसिस करके केवल जरूरी हिस्से को पहचानती है और उसी को प्रिंट के लिए तैयार करती है. इसके अलावा खराब फॉर्मेटिंग को भी अपने आप ठीक किया जाता है, जिससे अंतिम प्रिंट आउट ज्यादा साफ और व्यवस्थित दिखाई देता है.

कागज और इंक की बचत पर रहेगा फोकस

कंपनी के अनुसार, यह फीचर केवल बेहतर प्रिंटिंग अनुभव देने तक सीमित नहीं है, बल्कि संसाधनों की बचत पर भी जोर देता है. आमतौर पर लोग रेसिपी, आर्टिकल, बच्चों की वर्कशीट या अन्य ऑनलाइन सामग्री प्रिंट करते समय कई अनावश्यक पेज भी निकाल लेते हैं. एआई तकनीक ऐसे अतिरिक्त कंटेंट को हटाकर केवल जरूरी जानकारी को प्रिंट करती है. इससे पेजों की संख्या कम होती है और इंक की खपत भी घटती है. एचपी का मानना है कि इससे यूजर्स को लागत बचाने में मदद मिलेगी और पर्यावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. खासकर घर और छोटे कार्यालयों में यह फीचर काफी उपयोगी साबित हो सकता है.

यूजर की आदतें सीखकर देगा बेहतर रिजल्ट

एचपी इंडिया में प्रिंट सेगमेंट के सीनियर डायरेक्टर सतीश कुमार के अनुसार, एआई समय के साथ यूजर की प्रिंटिंग आदतों और जरूरतों को समझने लगता है. शुरुआत में सिस्टम कुछ जानकारी लेकर यह जानने की कोशिश करता है कि यूजर किस तरह का कंटेंट ज्यादा प्रिंट करता है. इसके बाद एआई उसी पैटर्न के आधार पर प्रिंटिंग अनुभव को बेहतर बनाता है. उदाहरण के लिए यदि कोई व्यक्ति अक्सर रेसिपी या आर्टिकल प्रिंट करता है, तो सिस्टम आगे चलकर उसी प्रकार के कंटेंट को प्राथमिकता देने लगता है. इससे बार-बार मैन्युअल एडिटिंग की जरूरत कम होती है और यूजर को अधिक सटीक तथा उपयोगी आउटपुट मिलता है.

सवाल: प्रिंट एआई रोजमर्रा की प्रिंटिंग को कैसे तेज, आसान और स्मार्ट बना सकता है?

जवाब: एचपी इंडिया में प्रिंट सेगमेंट के सीनियर डायरेक्टर सतीश कुमार के मुताबिक, लोग आमतौर पर वर्कशीट, वेबपेज, आर्टिकल, रेसिपी और स्टोरी जैसे कंटेंट प्रिंट करते हैं. लेकिन वेबपेज प्रिंट करते समय उसके साथ विज्ञापन, बैनर, न्यूज रील और कई अनावश्यक चीजें भी प्रिंट हो जाती हैं. एआई इन प्रिंट तकनीक यह समझने का प्रयास करती है कि यूजर वास्तव में कौन सा कंटेंट प्रिंट करना चाहता है. शुरुआत में यह कुछ सवाल पूछकर यूजर की जरूरत को समझती है और बाद में उसके पैटर्न के अनुसार काम करने लगती है. यदि कोई व्यक्ति केवल रेसिपी या आर्टिकल प्रिंट करना चाहता है तो एआई सिर्फ वही सामग्री प्रिंट करेगा, जबकि बाकी अनावश्यक हिस्से अपने आप हट जाएंगे. इससे कागज और इंक दोनों की बचत होगी, साथ ही प्रिंटिंग का अनुभव पहले की तुलना में कहीं ज्यादा आसान और स्मार्ट बन जाएगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.