India Forex Reserve: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $6.29 अरब का भारी उछाल; रिकॉर्ड $696.98 अरब पर पहुंचा खजाना
India Forex Reserve Update: दो हफ्तों की गिरावट के बाद देश के विदेशी मुद्रा भंडार में ₹60,000 करोड़ से ज्यादा का इजाफा। आरबीआई के आंकड़ों में गोल्ड रिजर्व भी बढ़ा।
करीब एक हफ्ता पहले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम लोगों से पेट्रोल और डीजल का कम से कम इस्तेमाल करने, खाने के तेल का यूज कम करने, सोना चांदी ना खरीदने और विदेशी यात्राओं को टालने के लिए यूं ही नहीं कहा था. उनका असल मकसद देश के खजाने को खाली होने से बचाना था. जोकि डॉलर और गोल्ड की शक्ल में मौजूद है. खास बात तो ये है कि सरकार ने भी देश के खजाने को भरने का काम भी पहले से शुरू भी कर दिया था. जिसका अंदाजा आंकड़ों से साफ दिखाई दे रहा है.
आरबीआई की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार देश के फॉरेक्स रिजर्व में 6 बिलियन डॉलर से ज्यादा यानी 60 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी देखने को मिली है. खास बात तो ये है कि लगातार दो हफ्तों की गिरावट के बाद फॉरेक्स रिजर्व में बढ़ोतरी देखने को मिली है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर आरबीआई की ओर से किस तरह के आंकड़े जारी हुए हैं.
फॉरेक्स रिजर्व में जबरदस्त इजाफा
भारतीय रिजर्व बैंक ने जानकारी देते हुए कहा कि 8 मई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान, भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 6.295 अरब डॉलर यानी 60 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा बढ़कर 696.988 अरब डॉलर हो गया. इससे पिछले सप्ताह में, कुल भंडार 7.794 अरब डॉलर घटकर 690.693 डॉलर अरब रह गया था. इस साल 27 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान, पश्चिम एशिया संकट शुरू होने से पहले, विदेशी मुद्रा भंडार अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर 728.494 डॉलर अरब तक पहुंच गया था. इसके बाद कई हफ्तों तक इसमें गिरावट आई, क्योंकि रुपए पर दबाव बढ़ गया था और भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) को डॉलर बेचकर विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप करना पड़ा था.
असेट्स और गोल्ड रिजर्व में भी इजाफा
केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 8 मई को समाप्त हुए सप्ताह में, फॉरेन करेंसी असेट्स – जो भंडार का एक मुख्य हिस्सा हैं-562 मिलियन डॉलर बढ़कर 552.387 अरब डॉलर हो गईं. डॉलर के रूप में व्यक्त की गई इन फॉरेन करेंसी असेट्स में, विदेशी मुद्रा भंडार में रखी गई नॉन-अमेरिकी करेंसीज जैसे यूरो, पाउंड और येन-के मूल्य में हुई वृद्धि या गिरावट का प्रभाव भी शामिल होता है. RBI ने बताया कि इस सप्ताह के दौरान, सोने के भंडार का मूल्य 5.637 अरब डॉलर बढ़कर 120.853 डॉलर अरब हो गया. केंद्रीय बैंक ने बताया कि विशेष आहरण अधिकार (SDRs) भी 84 मिलियन डॉलर बढ़कर 18.873 डॉलर अरब हो गए. केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, इस सप्ताह के अंत में, IMF के पास भारत की आरक्षित स्थिति भी 12 मिलियन डॉलर बढ़कर 4.875 अरब डॉलर हो गई.