IPL 2026: गुजरात टाइटंस टॉप-2 में पहुंची, चेन्नई सुपर किंग्स शर्मनाक हार के साथ प्लेऑफ से बाहर

IPL 2026 Points Table: गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों से हराकर टॉप-2 में जगह बनाई। इस हार के साथ डिफेंडिंग चैंपियन CSK प्लेऑफ की रेस से बाहर।

गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों से करारी हार देकर आईपीएल 2026 के लीग स्टेज का अपना आखिरी मैच जीत लिया. इस जीत ने न सिर्फ GT की नेट रन रेट को मजबूत किया बल्कि उन्होंने पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में जगह पक्की कर दी. वहीं, इस हार ने पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को आधिकारिक रूप से प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर दिया. अब गुजरात टाइटंस को फाइनल में पहुंचने के लिए 2 मौके मिलने वाले हैं.

गुजरात ने टॉप-2 में जगह की पक्की

गुजरात टाइटंस ने 14 मैचों में 9 जीत हासिल करके 18 पॉइंट्स जुटा लिए हैं. उनका नेट रन रेट +0.695 के साथ काफी मजबूत हो गया है, जिससे टॉप-2 में उसकी जगह पक्की हो गई है. वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के 13 मैचों में 18 पॉइंट्स हैं और वह 1.065 के नेट रन रेट के साथ टॉप पर बनी हुई है. उनके पास भी टॉप-2 फिनिश करने का बड़ा मौका है. उन्हें बस अपने आखिरी लीग मैच में बड़ी हार से बचना होगा. टॉप-2 में फिनिश करने का फायदा यह है कि प्लेऑफ में क्वालीफायर-1 में सीधा मुकाबला मिलेगा. इस मैच में हारने के बाद भी उस टीम के पास फाइनल में पहुंचने का एक और मौका होगा.

दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स 14 मैच खेलकर सिर्फ 12 पॉइंट्स ही हासिल कर सकी. 6 जीत और 8 हार के साथ उनका NRR -0.345 ही रहा है. इस हार के साथ उनकी प्लेऑफ की आखिरी उम्मीद भी टूट गई है. CSK अब सातवें स्थान पर है. वह पॉइंट्स टेबल में अभी भी नीचे आ सकती है. दिल्ली की टीम को अभी भी 1 मैच खेलना है और वह सीएसके को पीछे छोड़ सकती है.

प्लेऑफ के लिए 1 जगह खाली

सनराइजर्स हैदराबाद फिलहाल 13 मैचों में 8 जीत के साथ तीसरे स्थान पर है. वह प्लेऑफ में जगह बना चुकी है. लेकिन चौथे स्थान के लिए अभी भी रेस जारी है. राजस्थान की टीम 13 मैचों में 14 पॉइंट्स के साथ चौथे नंबर पर है. वहीं, पंजाब की टीम 13 मैचों में 13 पॉइंट्स के साथ 5वें स्थान पर है. इनके अलावा कोलकाता की टीम के भी 13 मैचों में 13 पॉइंट्स हैं. ये तीनों टीमें प्लेऑफ में जगह बनाने की दावेदार है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.