Kurukshetra: जज की कोठी में संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पोस्टमार्टम आज; जांच में जुटी पुलिस

कुरुक्षेत्र की डीसी कॉलोनी में जज की कोठी पर काम करने वाले 23 वर्षीय कुक हरीश भट्ट का शव कमरे में मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। पोस्टमार्टम आज, जांच जारी।

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र शहर की डीसी कॉलोनी स्थित जज की कोठी में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले युवक के शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

मृतक की पहचान 23 वर्षीय हरीश भट्ट के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। उसका परिवार वर्तमान में सिरसा के बरनाला रोड क्षेत्र में रह रहा है। हरीश कुरुक्षेत्र में जज की कोठी पर कुकिंग का कार्य करता था और वहीं बने कमरे में रहता था। बताया जा रहा है कि बुधवार रात वह रोजाना की तरह काम खत्म करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। गुरुवार सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आया। साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद मामले की सूचना सिटी थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। दरवाजा खोलने पर हरीश का शव चारपाई पर मुंह के बल पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरीश को मिर्गी की बीमारी थी। आशंका जताई जा रही है कि रात के समय उसे दौरा पड़ा हो। वहीं पुलिस हार्ट अटैक की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.