Noida Businessman Murder Case: गढ़ी चौखंडी के रियल एस्टेट कारोबारी प्रशांत शर्मा हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

नोएडा के रियल एस्टेट कारोबारी प्रशांत शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार में शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद की गई थी हत्या।

नोएडा के गढ़ी चौखंडी निवासी कारोबारी की हत्या के मामले में फेज-तीन थाना पुलिस ने चार आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने कार में शराब पीते समय हुई कहासुनी के दौरान गला घोटकर हत्या कर दी थी। आरोपियों ने शव को बिसरख थाना क्षेत्र स्थित एक नाले में फेंक दिया था।

पुलिस के मुताबिक, गढ़ी चौखंडी गांव निवासी प्रशांत शर्मा रियल एस्टेट का कारोबार करते थे। उनका गौर सिटी स्थित गैलेक्सी डायमंड में कार्यालय है। वह 16 सितंबर की रात 10 बजे घर से टियागो कार लेकर निकले थे। इसके बाद घर नहीं लौटे। 17 सितंबर की सुबह बिसरख थाना क्षेत्र में जेएम इंटरनेशनल स्कूल के निकट एक नाले में प्रशांत का शव मिला। मौके से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला।

बिसरख थाना पुलिस ने अज्ञात में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। मौत का कारण पानी में डूबना और दम घुटना बताया गया। पुलिस ने 20 सितंबर को अज्ञात में शव का अंतिम संस्कार कर दिया और पहचान के प्रयास शुरू कर दिए। 21 सितंबर को पुत्र तुषार शर्मा ने फेज-तीन थाना पहुंचकर पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने खोजबीन शुरू की। इसी बीच 23 सितंबर को परिजन ने शव की पहचान प्रशांत शर्मा के रूप में की। फेज-तीन थाना पुलिस ने जांच तेज कर दी। पुलिस ने जांच के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान गढ़ी चौखंडी गांव की गली नंबर-12 निवासी बिट्टू उर्फ नितिन, निगम ठाकुर उर्फ राना उर्फ हर्ष, मोहित दास और इरफान के रूप में हुई।

चारों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने 16 सितंबर की रात प्रशांत के साथ उनकी कार में बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान हुई कहासुनी के बाद बेल्ट से गला घोटकर हत्या कर दी थी और शव को नाले में फेंक दिया था। एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास मृतक की कार भी बरामद कर ली। मंगलवार को चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तिकोना मोड़ पर जब प्रशांत कार लेकर पहुंचे तो वहां पहले से बिट्टू और निगम ठाकुर खड़े थे। दोनों आरोपियों के मुताबिक, प्रशांत बेहद नशे में थे। कार चलाने में असमर्थ दिखाई दे रहे थे। दोनों ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा तो उन्होंने कार की चाबी पकड़ा दी। बिट्टू और निगम ने फोन करके इरफान को भी बुला लिया। प्रशांत को बराबर की सीट पर बैठाकर बिट्टू कार चलाने लगा। निगम और इरफान पीछे बैठ गए।

घर के बजाय कार्यालय पर लेकर पहुंचे प्रशांत

आरोपियों ने बताया कि प्रशांत उन्हें गौर सिटी स्थित गैलेक्सी डायमंड में कार्यालय पर लेकर पहुंचे। इसके बाद गौर सिटी मॉल पर पहुंचकर वहां सुरक्षाकर्मियों से नशे में कहासुनी करने लगे। रास्ते में प्रशांत ने शराब खरीदने के लिए कहा। पर्थला गांव से कालाबाजारी से शराब खरीदी। इस बार आरोपियों ने अपने दोस्त मोहित को भी बुला लिया। इसी प्रशांत की आरोपियों से कहासुनी हो गई।

परिजनों ने हत्या की आशंका नहीं जताई थी

प्रशांत की पत्नी मधु शर्मा ने बताया कि वह करीब छह वर्ष से गढ़ी चौखंडी गांव में एक बिल्डर फ्लैट में रहते हैं। इससे पहले वह दिल्ली के न्यू अशोक नगर में रहते थे। परिवार में प्रशांत के दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़ा बेटा तुषार शर्मा, उससे छोटी बेटी और उससे छोटा बेटा सार्थक है। तीनों पढ़ाई करते हैं। परिजन के मुताबिक, 16 सितंबर को जब प्रशांत लापता हुए तो उन्हें लगा कुछ दिन में वापस घर आ जाएंगे। उनकी किसी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। परिजन को नहीं पता था कि हत्या कर दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.