Noida News: शादी से इनकार पर प्रेमी का खूनी तांडव, प्रेमिका की मां की हत्या, 3 घायल

नोएडा के हरौला में सनसनीखेज वारदात! शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर प्रेमी हरिनाम ने प्रेमिका के परिवार पर चाकू से किया हमला। मां की मौत, पिता और दो बेटियां गंभीर।

नोएडा के हरौला गांव में शनिवार देर रात प्रेम प्रसंग के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। शादी से इनकार करने पर एक युवक ने प्रेमिका के परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दो बेटियां और पति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

रिश्ते से इनकार पर खौला खून

पुलिस के मुताबिक, बिहार के छपरा निवासी सुरेंद्र शर्मा परिवार सहित हरौला गांव के बी ब्लॉक में किराये पर रहते हैं। परिवार में पत्नी संजू देवी, बेटियां ज्योति और जूली शामिल हैं। पास में ही बरेली निवासी हरिनाम यादव किराये पर रहकर एसी सर्विसिंग की दुकान चलाता है। बताया जा रहा है कि हरिनाम का सुरेंद्र शर्मा की बेटी ज्योति से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक ने कुछ समय पहले ज्योति के परिवार के सामने उससे शादी का प्रस्ताव भी रखा था, लेकिन परिजनों ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया था। शनिवार रात परिवार के चारों सदस्य मकान की पहली मंजिल की छत पर सो रहे थे। आरोप है कि देर रात हरिनाम यादव वहां पहुंचा और सोते हुए परिवार पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में 40 वर्षीय संजू देवी के शरीर पर कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ज्योति के सीने में चाकू लगा, जबकि उसकी बहन जूली के पैर में गंभीर चोट आई। पिता सुरेंद्र शर्मा भी हमले में घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा पाया गया है। आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी अक्सर इलाके में आता-जाता था और परिवार पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। फिलहाल पुलिस हत्या और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।

पहले भी कर चुका था मारपीट, तुड़वा दी थी शादी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी हरिनाम लंबे समय से ज्योति पर शादी का दबाव बना रहा था। बताया जा रहा है कि ज्योति की पहले कहीं और शादी तय हुई थी, लेकिन आरोपी ने उस रिश्ते को भी तुड़वा दिया था। पड़ोसियों का कहना है कि हरिनाम अक्सर ज्योति से झगड़ा और मारपीट करता था। कई बार परिवार ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। लोगों का दावा है कि आरोपी का व्यवहार काफी आक्रामक था और वह आए दिन विवाद करता रहता था। परिवार ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की, जिसके बाद से वह और अधिक नाराज रहने लगा था।

वारदात से पहले बदला कमरा, सामान भी हटाया

आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले उसी मकान के बगल में रहता था, जहां वर्तमान में पीड़ित परिवार रह रहा है। कुछ समय पहले उसने अचानक अपना कमरा बदल लिया था। लोगों का कहना है कि वारदात से पहले उसने कमरे से अपना अधिकतर सामान भी हटा लिया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह पहले से किसी बड़ी घटना की तैयारी कर रहा था। पड़ोसियों के मुताबिक, घटना वाली रात भी वह इलाके में घूमता दिखाई दिया था। पुलिस अब इस एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है कि आरोपी ने पहले से हमले की साजिश तो नहीं रची थी।

बिल्डिंग में चाकू लहराकर मचाया था शोर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात से पहले आरोपी ने बिल्डिंग में काफी देर तक हंगामा किया। लोगों का कहना है कि वह हाथ में चाकू लेकर इधर-उधर घूम रहा था और जोर-जोर से चिल्ला रहा था। कई लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। इसके कुछ देर बाद वह सीधे उस छत पर पहुंच गया, जहां पीड़ित परिवार सो रहा था। पड़ोस में रहने वाले वकील विकास कुमार का कहना है कि आरोपी ने संजू देवी का गला रेतकर हत्या की। घटना के बाद पूरी बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।

200 परिवारों की बिल्डिंग में दहशत का माहौल

बता दें कि, जिस चार मंजिला मकान में यह वारदात हुई, उसमें करीब 200 परिवार रहते हैं। घटना के बाद पूरी बिल्डिंग में डर और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले शराब तस्करी समेत अन्य मामलों में जेल जा चुका है। पीड़ित सुरेंद्र शर्मा पेशे से कारपेंटर हैं और उनके चार बेटियां व एक बेटा है। हमले में घायल ज्योति एक निजी कंपनी में सिलाई का काम करती है। फिलहाल ज्योति, उसकी बहन जूली और पिता सुरेंद्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.