Nuh News: दिल्ली-अलवर रोड पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से मासूम बच्ची समेत 3 की मौत

नूंह के रोजका मेव में तेज रफ्तार ट्रक ने लोडिंग ऑटो को मारी टक्कर। हादसे में आगरा के एक ही परिवार की दो महिलाओं और 3 वर्षीय बच्ची की मौत, 4 घायल। जांच शुरू।

नूंह: शनिवार को दिल्ली-अलवर रोड पर सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. थाना रोजका मेव क्षेत्र के अंतर्गत तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने एक लोडिंग ऑटो को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए. हादसे में एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया.

नूंह में सड़क हादसा: जानकारी के अनुसार आगरा जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले करीब 14 लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर दिल्ली के पालम विहार लौट रहे थे. सभी लोग ऑटो में सवार थे. बताया जा रहा है कि परिवार दिल्ली के पालम विहार क्षेत्र में अगरबत्ती और धूपबत्ती बेचने का काम करता है. जैसे ही उनका ऑटो थाना रोजका मेव क्षेत्र में दिल्ली-अलवर रोड पर पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सड़क पर कई फीट तक घिसटता चला गया.

हादसे में तीन की मौत: हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना रोजका मेव पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया. इस हादसे में मृतकों की पहचान 19 वर्षीय चांदनी निवासी थाना पिनाहट जिला आगरा, ज्योति पत्नी रामकांति निवासी सूरजमलपुरा थाना शमशाबाद जिला आगरा तथा तीन वर्षीय मासूम मृदुल पुत्र रामनिवास निवासी जोड़ा बजरिया के रूप में हुई है. पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मामले में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है और फरार ट्रक चालक की तलाश के साथ आगे की जांच शुरू कर दी गई है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.