TMU Moradabad Miracle: मुरादाबाद के TMU में अनोखा चमत्कार; महिला ने 5 दिन में दिया 4 बच्चों को जन्म, सभी नॉर्मल डिलीवरी

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद (TMU Hospital) में हैरान करने वाला मामला! संभल की अमीना ने 5 दिन के अंतराल में 4 बच्चों को दिया जन्म। डॉक्टरों ने कराई सफल नॉर्मल डिलीवरी।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) अस्पताल में एक महिला ने 5 दिनों में 4 बच्चों को जन्म दिया है. संभल जिले की रहने वाली 31 वर्षीय अमीना इन बच्चों की मां बनी हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इतने हाई-रिस्क मामले में चारों बच्चों की नॉर्मल डिलीवरी हुई है.

संभल के असमोली क्षेत्र की अमीना निवासी हैं. गर्भावस्था की शुरुआती जांच में ही यह पता चल गया था कि उनके गर्भ में चार भ्रूण पल रहे हैं. टीएमयू अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञों ने इसे बेहद संवेदनशील मामला बताया. डॉक्टरों ने परिवार को फीटल रिडक्शन यानी भ्रूणों की संख्या कम करने की सलाह भी दी थी, ताकि मां और बच्चों की जान को सुरक्षित रखा जा सके. हालांकि परिवार ने ईश्वर पर भरोसा जताते हुए चारों बच्चों को जन्म देने का फैसला किया.

प्रेग्नेंसी के दौरान कई तरह की आईं समस्याएं

प्रेग्नेंसी के दौरान अमीना को कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा. उन्हें ब्लड प्रेशर और लीवर से जुड़ी दिक्कतें थीं, जिसके चलते उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती करना पड़ा. डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी करती रही और हर 15 से 20 दिन में जांच की जाती रही.

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, 8 मई को अमीना को प्रसव पीड़ा शुरू हुई. इसके बाद 9 मई को उन्होंने पहले बच्चे को जन्म दिया, जो एक बेटा है. जन्म के समय उसका वजन करीब 710 ग्राम था. डॉक्टरों ने उस समय बाकी डिलीवरी को नियंत्रित कर रोक दिया क्योंकि गर्भावस्था केवल साढ़े छह से सात महीने की अवस्था में थी. इसके बाद 14 मई को अमीना को फिर से दर्द शुरू हुआ और अस्पताल पहुंचने पर तीन अन्य बच्चों का भी सफल नॉर्मल डिलीवरी के जरिए जन्म कराया गया. इनमें एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं.

मां और चारों नवजात डॉक्टरों की निगरानी में

फिलहाल मां और चारों नवजात डॉक्टरों की निगरानी में हैं. डॉक्टरों के अनुसार एक बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है, जबकि अन्य बच्चों को विशेष देखभाल की जरूरत है. इस पूरे इलाज में डॉ. शुभ्रा अग्रवाल, डॉ. पूर्ति, डॉ. रोली और डॉ. मोनिका समेत कई विशेषज्ञ डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

बच्चों के पिता मोहम्मद आलिम ने अस्पताल और डॉक्टरों की टीम का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें शुरू से ही टीएमयू अस्पताल पर पूरा भरोसा था. उन्होंने डॉक्टरों की टीम को थैंक्यू कहा है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.