UK Hate Crime: ब्रिटेन में हिंदुओं के लिए लॉन्च हुआ एंटी-हिंदू हेट मॉनिटरिंग सेंटर, जानें क्यों पड़ी जरूरत
UK Anti-Hindu Hate Monitoring Center: ब्रिटेन में हिंदुओं के खिलाफ बढ़ते हेट क्राइम को रोकने के लिए नया ऑनलाइन प्लेटफॉर्म शुरू। लंदन में नफरती हिंसा में 23% का उछाल।
ब्रिटेन में हिंदुओं के खिलाफ बढ़ रहे हेट क्राइम को रोकने और उसकी निगरानी के लिए एक नया ऑनलाइन प्लेटफॉर्म शुरू किया गया है. इसका नाम एंटी हिंदू हेट मॉनिटरिंग सेंटर रखा गया है. इस प्लेटफॉर्म का मकसद हिंदू समुदाय के खिलाफ होने वाले भेदभाव, नफरत और अपराध की घटनाओं को दर्ज करना और उन पर नजर रखना है.
पिछले कुछ समय से लंदन में हिंदुओं के खिलाफ अपराध बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं. इसी को देखते हुए इस नई पहल की शुरुआत की गई है. संस्था का कहना है कि अभी तक ऐसे मामलों की सही तरीके से रिपोर्टिंग नहीं हो पाती थी और कई लोग डर या दूसरी वजहों से शिकायत भी दर्ज नहीं कराते थे.
लंदन नें नफरती हिंसा में 23% इजाफा
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, लंदन में धर्म के आधार पर होने वाले हेट क्राइम में इस साल 23% की बढ़ोतरी हुई है. पिछले साल जनवरी से अप्रैल तक ऐसे 839 मामले दर्ज हुए थे, जबकि इस साल इसी अवधि में 1,032 मामले सामने आए हैं. यह इजाफा लंदन पुलिस के लिए भी चिंता का विषय बन गई है.
इस प्लेटफॉर्म को चलाने वाले लोगों का कहना है कि यह केंद्र लोगों की शिकायतें इकट्ठा करेगा, घटनाओं का रिकॉर्ड रखेगा और पूरे ब्रिटेन में हिंदुओं के खिलाफ हो रही नफरत के पैटर्न को समझने के लिए डेटा जारी करेगा. उनका कहना है कि मौजूदा सिस्टम हिंदू विरोधी घटनाओं को सही तरीके से रिकॉर्ड नहीं कर पाते.
इस प्लेटफॉर्म की जरूरत क्यों पड़ी?
इस पहल के समर्थकों के मुताबिक, ब्रिटेन में रहने वाले कई हिंदुओं ने उत्पीड़न, तोड़फोड़ और ऑनलाइन दुर्व्यवहार की शिकायत की थी. इन्हीं चिंताओं को देखते हुए यह प्लेटफॉर्म तैयार किया गया. यह पहल पिछले साल जारी हुई एक रिपोर्ट पर आधारित है. इस रिपोर्ट का नाम था- ब्रिटेन में हिंदुओं के प्रति नफरत और भेदभाव की जांच. इसमें बताया गया था कि हिंदुओं के खिलाफ होने वाले अपराधों और भेदभाव से निपटने के लिए कोई मजबूत और व्यवस्थित व्यवस्था नहीं है.
आंकड़े पुलिस में दर्ज कराने की पहल होगी
लंदन असेंबली के मेंबर कृपेश हिरानी ने कहा कि अभी तक इन अपराधों की रिपोर्ट करने का कोई तरीका नहीं था. उन्होंने बताया कि उन्होंने कुछ साल पहले यह मुद्दा सिटी हॉल में भी उठाया था. उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि अब समुदाय एकजुट होकर इस दिशा में काम कर रहा है.
हिरानी ने यह भी कहा कि उनका अगला लक्ष्य यह सुनिश्चित करना होगा कि इस प्लेटफॉर्म पर दर्ज किए जा रहे आंकड़ों को मेट्रोपॉलिटन पुलिस भी मान्यता दे. साथ ही उन्होंने हिंदू समुदाय से अपील की कि वे इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें और ऐसी घटनाओं की रिपोर्ट जरूर करें.