Yamunanagar Crime: यमुनानगर में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की चाकुओं से गोदकर हत्या, ऑफिस में घुसकर वारदात
Yamunanagar Murder Case: यमुनानगर के फरकपुर-मंडेबर रोड पर गणपति प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर में घुसकर कलीराम की चाकुओं से गोदकर हत्या। इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस।
यमुनानगर: यमुनानगर में दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। फरकपुर से मंडेबर की ओर जाने वाले रोड पर स्थित गणपति प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर कलीराम की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस कई एंगल से जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान गांव हरनौल निवासी करीब 55 से 60 वर्षीय कलीराम के रूप में हुई है, जो गणपति प्रॉपर्टी एडवाइजर के नाम से प्रॉपर्टी का कारोबार करता था। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय कुछ युवक उसके ऑफिस में पहुंचे और देखते ही देखते उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि कलीराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना का पता उस समय चला जब पास के दुकानदार ने ऑफिस के अंदर खून से लथपथ हालत में कलीराम को पड़ा देखा। जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि सबूत जुटाए जा सकें।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश, कारोबारी विवाद और पुरानी दुश्मनी जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। कलीराम अपने पीछे तीन शादीशुदा बच्चों का परिवार छोड़ गया है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों में भारी रोष और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि शहर में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ दिखाई नहीं दे रहा।