अंबाला में पंजोखरा साहिब गुरुद्वारे के बाहर भारी बवाल, गुरसिमरन सिंह मंड पर हमला और गाड़या फोड़ी
अंबाला के पंजोखरा साहिब गुरुद्वारे के बाहर IAKTF अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड पर हमला हुआ। कार चढ़ाने के आरोपों और हिंसा के बाद माहौल तनावपूर्ण।
अंबाला: पंजोखरा साहिब गुरुद्वारा परिसर के बाहर उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब सिख संगत और IAKTF के नेशनल प्रेसिडेंट गुरसिमरन सिंह मंड के बीच विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि कुछ लोगों ने गुरसिमरन पर हमला कर दिया. पुलिसकर्मियों के सामने उनकी गाड़ी को तोड़ दिया. इस हमले में गुरसिमरन, उनका बेटा और दो एसआई घायल हुए हैं. जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती करवाया गया है. बता दें कि गुरसिमरन को वाई सिक्योरिटी मिली हुई है.
पैर पर कार चढ़ाने का आरोप: अकाली दल हरियाणा के पूर्व मीडिया इंचार्ज ने बताया कि “गुरसिमरन सिंह मंड की गाड़ी पहले एक व्यक्ति के पैर पर चढ़ गई. जब मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, तो गाड़ी को तेज गति से आगे बढ़ाते हुए एक अन्य व्यक्ति के पैर पर भी चढ़ा दिया. जब गाड़ी तीसरे व्यक्ति की ओर बढ़ी तो सिख संगत ने उसे रोक लिया. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा बढ़ गया.”
अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप: पूर्व मीडिया इंचार्ज ने बताया कि “जब संगत ने गाड़ी रोकने का प्रयास किया, तो गुरसिमरन सिंह मंड ने कथित रूप से अपशब्दों का इस्तेमाल किया और हथियार भी दिखाए. संगत को ये जानकारी मिली कि गुरसिमरन सिंह मंड सिख समुदाय को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं. जिसके चलते माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया. गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ सिख संगत पर गाड़ी चढ़ाने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने और हथियार दिखाकर डराने-धमकाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया जाए.”
गुरसिमरन सिंह मंड ने बताई आपबीती: इस बारे में गुरसिमरन सिंह मंड ने बताया कि “मैं गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब माथा टेकने के लिए गया था, लेकिन मुझे गुरुद्वारा साहिब के अंदर नहीं जाने दिया. इसके बाद मैं गाड़ी में ही बैठकर इंतजार करने लगा. देखते ही देखते वहां पर भीड़ बढ़ने लग गई और अचानक से ही मेरे ऊपर हमला कर दिया गया. तलवारें मारी गई. डंडों से हमला किया गया और गाड़ी तोड़ी गई. जिसमें मुझे काफी चोटें आई हैं. मेरा बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया है.”
पुलिस मामले की जांच में जुटी: पूरे घटनाक्रम पर अंबाला कैंट के डीएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि “गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब में पिछले तीन दिनों से गुरुपर्व का कार्यक्रम चल रहा था. इस दौरान विवाद की सूचना पुलिस को मिली. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया है. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.”