हरियाणा में फिर सक्रिय हुआ मॉनसून! हिसार समेत 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
हरियाणा में मॉनसून फिर सक्रिय! हिसार, फतेहाबाद, सिरसा में बारिश का दौर शुरू। IMD ने 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट।
हिसार : हरियाणा में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। शनिवार सुबह से ही प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। हिसार, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद और सिरसा के डबवाली क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है, जबकि पानीपत में बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग (IMD) चंडीगढ़ केंद्र की ओर से आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार गुरुग्राम, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार, जींद, सोनीपत और पानीपत समेत 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, करनाल, यमुनानगर, कैथल, सिरसा, कुरुक्षेत्र और अंबाला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। वहीं पंचकूला में येलो अलर्ट के तहत हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक मानसूनी हवाओं की सक्रियता के चलते आज और कल प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
अगर हिसार की बात करें तो यहां भी सुबह से हल्की से मध्यम बारिश लगातार जारी है। कई दिनों से सूखे की मार झेल रहे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। बारिश से फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है, खासकर धान की फसल के लिए यह बारिश बेहद फायदेमंद मानी जा रही है। इसके साथ ही लोगों को गर्मी से भी राहत मिली है। फिलहाल हिसार में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी है।