अंबाला: सस्ता सोना दिलाने के नाम पर व्यापारी से 15 लाख की ठगी, आरोपी फरार
अंबाला में शातिर ठगों ने राजपुरा के व्यापारी को सस्ता सोना देने का झांसा देकर ₹15 लाख ठगे। नकली सोना थमाकर हुए फरार। पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी।
अंबाला: शातिर ठगों ने सस्ते दामों में पुराना सोना दिलाने का झांसा देकर पंजाब राजपुरा के एक कपड़ा व मोबाइल व्यापारी से 15 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने व्यापारी को झांसे में लेने के लिए पहले असली सोने का टुकड़ा दिया और बाद में नकली सोना थमाकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
राजपुरा के गुरुनानकपुरा निवासी राई नरेश कुमार मेहता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कालका रोड पर दुकान है। 15 अप्रैल को दो युवक उनकी दुकान पर आए और खुद को अंबाला का निवासी बताकर 35 लाख का पुराना सोना सस्ते में बेचने की बात कही। वीरवार दोपहर नरेश कुमार अपने बेटे गौरव के साथ 15 लाख रुपये लेकर कार से अंबाला सिटी के महाराजा अग्रसेन चौक पहुंचे। वहां से दोनों युवक उनकी कार में बैठ गए और पंचायत भवन के पास ले गए। कार में युवकों ने व्यापारी को काले रंग की थैली दी और बदले में 15 लाख रुपये नकद ले लिए।
इसके बाद व्यापारी का बेटा गौरव सोने के सैंपल की जांच के लिए बाजार गया, जबकि आरोपी युवक नरेश कुमार को बातों में उलझाकर पीर बाबा वाली गली से भाग गए। कुछ ही देर में बेटे ने फोन पर बताया कि थैली में मौजूद सोना नकली है। पुलिस हुलिए और मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।