अंबाला: 6 साल के अव्यान ने स्केट्स पर ड्रिब्लिंग कर बनाया रिकॉर्ड
अंबाला के 6 वर्षीय अव्यान कौशिक ने स्केट्स पर संतुलन बनाकर एक हाथ से लगातार 1055 बार बास्केटबॉल ड्रिब्लिंग कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स 2026 में नाम दर्ज कराया।
अंबाला : प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, जरूरत होती है सही दिशा और प्रोत्साहन की। अंबाला कैंट के छह वर्षीय अव्यान कौशिक ने यह साबित कर दिखाया है। नन्हे अव्यान ने स्केट्स पर संतुलन बनाते हुए एक हाथ से लगातार 1055 बार बास्केटबॉल ड्रिब्लिंग कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स 2026 में अपना नाम दर्ज कराया है।

खड़गा आर्मी प्राइमरी स्कूल के छात्र अव्यान ने महज 6 साल 6 महीने 9 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 10 मिनट 20 सेकंड तक स्केट्स पर लगातार संतुलन बनाए रखते हुए दाएं हाथ से बास्केटबॉल ड्रिब्लिंग की। इस दौरान न तो उनका संतुलन बिगड़ा और न ही गेंद पर उनकी पकड़ कमजोर हुई। इस बारे में बात चीत करते हुए 6 वर्षीय अवव्यन कौशिक ने बताया कि उसे बचपन से स्केटिंग का बहुत शौक है। रिकॉर्ड बनाकर बहुत खुशी हुई है और आगे इससे भी बड़ा रिकॉर्ड बनाना चाहता हूं।”
अव्यान की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता और स्केटिंग कोच की मेहनत भी शामिल है। लगातार अभ्यास और परिवार के सहयोग ने इस नन्हे खिलाड़ी को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। उनकी माता शिल्पा ने बताया कि हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत उसे पहचानकर सही दिशा देने की होती है। अव्यान ने लगातार मेहनत की और 200-300 ड्रिब्लिंग से शुरू होकर 1000 से ज्यादा ड्रिब्लिंग तक का सफर तय किया। वहीं पिता का कहना है कि अव्यान को बचपन से ही मेडल जीतने का शौक था। वह घर में भी स्केट्स पहनकर घूमता रहता था और हर समय अभ्यास करता था। आज बेटे ने कम उम्र में रिकॉर्ड बनाकर पूरे परिवार का नाम रोशन किया है।