अनिल विज के हाथों दिवंगत पत्रकार राजेश जैन के परिवार को एम डब्लूयु बी द्वारा मिलेगा 10 लाख का बीमा लाभ

मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन की पत्रकार हित में पहल, 18 सितंबर को अंबाला में पुत्र अंकुश जैन को सौंपा जाएगा 10 लाख रुपये का वाउचर

न्यूज़ डेस्क हरियाणा। जगत क्रान्ति संवाददाता। चंडीगढ़ । मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन (रजि.) की ओर से पत्रकारों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के लिए संचालित बीमा योजना के तहत दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार राजेश जैन के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। चंडीगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार राजेश जैन के निधन के बाद उनके परिवार को यह लाभ संस्था की 10 लाख रुपये की नि:शुल्क टर्म इंश्योरेंस नीति के तहत मिलेगा। आगामी 18 सितंबर को अंबाला में हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज अपने हाथों से दिवंगत पत्रकार के पुत्र अंकुश जैन को 10 लाख रुपये की राशि का वाउचर प्रदान करेंगे।

मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन के उत्तर भारत अध्यक्ष चंद्र शेखर धरणी ने बताया कि पत्रकारों के परिवारों को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सहारा उपलब्ध करवाना संस्था की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि राजेश जैन के परिवार को मिलने वाली 10 लाख रुपये की सहायता इसी उद्देश्य की कड़ी है। अंबाला में आयोजित कार्यक्रम में अनिल विज के हाथों यह राशि प्रदान की जाएगी।

पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर संस्था की पहल

चंद्र शेखर धरणी ने बताया कि मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन पिछले कई वर्षों से पत्रकारों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और आर्थिक हितों को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है। संस्था की ओर से पत्रकारों के लिए बिना सदस्यता शुल्क के विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने बताया कि पत्रकारों के लिए 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का टर्म इंश्योरेंस उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसी दुर्घटना अथवा असामयिक निधन की स्थिति में पत्रकार के परिवार को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध करवाना है।

धरणी ने कहा कि पत्रकारिता का पेशा कई बार कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से जुड़ा होता है। ऐसे में पत्रकार के साथ किसी अप्रिय घटना के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा न हो, इसके लिए बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

ज्ञानेंद्र भरतरिया के परिवार को भी मिला था 10 लाख का लाभ

MWB अध्यक्ष ने बताया कि इससे पहले दिवंगत पत्रकार ज्ञानेंद्र भरतरिया के निधन के बाद भी संस्था की ओर से उनके परिवार को 10 लाख रुपये की बीमा राशि उपलब्ध करवाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि पत्रकारों के हित में बनाई गई योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरत के समय पत्रकारों और उनके परिवारों तक पहुंचे।

उन्होंने बताया कि पिछले करीब छह वर्षों के दौरान विभिन्न जटिल बीमारियों से जूझ रहे पत्रकारों तथा उनके परिवारों को भी संस्था की ओर से यथासंभव आर्थिक सहयोग दिया जाता रहा है। अब तक करीब तीन दर्जन पत्रकारों और उनके परिवारों को 40 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक मदद उपलब्ध करवाए जाने की जानकारी उन्होंने दी। इसके अलावा किडनी ट्रांसप्लांट जैसी गंभीर परिस्थितियों से गुजर रहे छह मरीजों को भी संस्था द्वारा सहायता दिए जाने की बात धरणी ने कही।

परिवारों के लिए 33 लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य सुरक्षा

चंद्र शेखर धरणी ने बताया कि संस्था पत्रकारों के परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा को भी प्राथमिकता दे रही है। संस्थापक सदस्यों और उनके परिवारों के लिए 33 लाख रुपये तक के कैशलेस मेडिकल कवर की व्यवस्था की गई है। गंभीर बीमारी या अस्पताल में उपचार की आवश्यकता पड़ने पर इस प्रकार की सुविधा परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने में मददगार हो सकती है।

उन्होंने कहा कि MWB का उद्देश्य केवल पत्रकारों की पेशेवर समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनके परिवारों की सुरक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़े विषयों पर भी लगातार काम करना है।

उत्तर भारत में करीब 1280 पत्रकार संगठन से जुड़े

धरणी के अनुसार मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन का नेटवर्क उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विस्तार ले रहा है। हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में पत्रकारों को संगठन से जोड़ने का काम किया जा रहा है। उनके अनुसार उत्तर भारत में करीब 1280 पत्रकार संस्था से जुड़े हुए हैं और सदस्यता निःशुल्क रखी गई है।

पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा के मुद्दे भी एजेंडे में

MWB की ओर से पत्रकार पेंशन, कैशलेस मेडिकल सुविधा, पारिवारिक पेंशन, यात्रा सुविधाओं, आवास तथा पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी समय-समय पर उठाए जाते रहे हैं। संस्था डिजिटल मीडिया और स्वतंत्र पत्रकारों को भी पत्रकार कल्याण योजनाओं के दायरे में लाने की आवश्यकता पर जोर देती रही है।

धरणी ने कहा कि पत्रकारिता बदलते दौर के साथ लगातार नए स्वरूप में सामने आ रही है। इसलिए पत्रकारों की पेशेवर जरूरतों के साथ उनके स्वास्थ्य, जीवन बीमा, दुर्घटना सुरक्षा और परिवार की आर्थिक सुरक्षा पर भी ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि 18 सितंबर को अंबाला में अनिल विज के हाथों राजेश जैन के परिवार को 10 लाख रुपये का बीमा लाभ प्रदान किया जाना पत्रकार हित में संचालित इस पहल का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। संस्था आगे भी जरूरतमंद पत्रकारों और उनके परिवारों के साथ खड़े रहने तथा पत्रकार कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का प्रयास जारी रखेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.