अमनदीप कौर हत्याकांड: पिता ने दिया था सबूत मिटाने में साथ, अब गिरफ्तार
बराड़ा अमनदीप हत्याकांड में नया मोड़! मुख्य आरोपी संदीप के बाद उसके पिता जोगिंद्र कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। सबूत मिटाने और शव ठिकाने लगाने का आरोप।
बराड़ा : बराड़ा के बहुचर्चित अमनदीप कौर हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ है। मुख्य आरोपी संदीप कुमार की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने उसके पिता जोगिंद्र कुमार को भी मामले में गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि जोगिंद्र ने हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने में बेटे का पूरा साथ दिया। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
क्या था अमनदीप हत्याकांड का मामला
बराड़ा क्षेत्र की रहने वाली अमनदीप कौर 21 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस को युवती के संपर्क में रहने वाले संदीप कुमार पर शक हुआ। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर पुलिस लगातार मामले की कड़ियां जोड़ती रही। इसी बीच 23 मई को हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब क्षेत्र के जंगलों में एक युवती का अधजला शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। शव की हालत बेहद खराब होने के कारण पहचान करना मुश्किल था।
इसके बाद हरियाणा और हिमाचल पुलिस के बीच साझा जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि अधजला शव अमनदीप कौर का ही था। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने 30 मई को मुख्य आरोपी संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कई महत्वपूर्ण खुलासे किए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य भी बरामद किए। जांच में सामने आया कि प्रेम संबंधों के चलते अमनदीप को कथित रूप से जहर देकर मौत के घाट उतारा गया था। इसके बाद शव को एक बैग में डालकर कार से पांवटा साहिब के जंगलों में ले जाया गया और पहचान मिटाने के उद्देश्य से आग लगा दी गई।
मुख्य आरोपी के साथ दिखाई दिया एक ओर व्यक्ति
मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदीप कुमार के साथ एक अन्य व्यक्ति भी गाड़ी में दिखाई दिया। पुलिस ने जब फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया तो पता चला कि शव को हिमाचल ले जाने और वापस लौटने के दौरान संदीप के साथ उसका पिता जोगिंद्र कुमार भी मौजूद था। इसके बाद पुलिस ने संदीप को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर दोबारा पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि शव को ठिकाने लगाने और जलाने की कार्रवाई में उसके पिता ने उसका सहयोग किया था। इसी आधार पर पुलिस ने जोगिंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
क्या बोले डीएसपी
इस बारे में जानकारी देते हुए डीएसपी सुरेश कौशिक ने बताया कि जांच के दौरान प्राप्त सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों में संदीप कुमार के साथ उसका पिता जोगिंद्र कुमार भी दिखाई दिया। आरोपी संदीप से पूछताछ में भी उसके पिता की संलिप्तता सामने आई है। इसी आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले की गहनता से जांच जारी है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।