अरविंद केजरीवाल का पीएम आवास मार्च का एलान, 4 अगस्त को 100 लोगों के साथ सौंपेंगे याचिका
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल E20 इथेनॉल नीति के विरोध में 4 अगस्त को पीएम आवास तक मार्च करेंगे। वे 2.33 लाख से अधिक हस्ताक्षरों वाली याचिका पीएम मोदी को सौंपेंगे।
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर ई20 इथेनॉल नीति का विरोध किया है। सोमवार को प्रेस के सामने उन्होंने घोषणा की कि वह मंगलवार 4 अगस्त को प्रधानमंत्री आवास तक मार्च करेंगे और पर्सनली पीएम नरेंद्र मोदी 2.33 लाख से अधिक लोगों द्वारा हस्ताक्षरित याचिका सौंपेंगे। केजरीवाल ने साथ ही लोगों से अपील की कि सभी का आना जरूरी नहीं है। मैं अपने साथ 100 ऐसे लोगों को ले जाऊंगा जो पुलिस की लाठियों और जेल जाने से नहीं डरते।
सोमवार को केजरीवाल प्रेसवार्ता में कहा, “कुछ दिन पहले हमने प्रधानमंत्री को संबोधित एक ऑनलाइन याचिका शुरू की थी, और बहुत कम समय में लगभग 2,33,238 लोगों ने इस पर हस्ताक्षर कर लिए हैं। कल (4 अगस्त) दोपहर 12:00 बजे मैं अपने कार्यालय से सौ लोगों के एक समूह के साथ प्रधानमंत्री आवास की ओर प्रस्थान करूंगा। हम पीएम मोदी को व्यक्तिगत रूप से यह याचिका सौंपना चाहते हैं और इस बात पर चर्चा करना चाहते हैं कि इथेनॉल नीति में क्या खामियां हैं।”
ज्यादा भीड़ नहीं, सिर्फ 100 लोग चाहिएः केजरीवाल
केजरीवाल ने आगे कहा कि मार्च के लिए अधिक संख्या में लोगों के आने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन जो लोग पुलिस कार्रवाई से नहीं डरते, उन्हें चुना जाएगा। उन्होंने कहा, “सभी का आना जरूरी नहीं है। मैं अपने साथ 100 ऐसे लोगों को ले जाऊंगा जो पुलिस की लाठियों और जेल जाने से नहीं डरते। जो लोग शामिल होना चाहते हैं, वे मुझे लिखें, मुझे टैग करें और संदेश भेजें। हम 100 लोगों को साथ लेकर प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करेंगे और फिर देखेंगे कि क्या होता है।”
केजरीवाल की तीन मांगें
केजरीवाल का यह मार्च केंद्र सरकार की ई20 ईंधन नीति के खिलाफ आप के अभियान में एक और कदम है। कार्यक्रम के दौरान, केजरीवाल ने केंद्र के सामने इस मुद्दे पर तीन मांगें रखीं हैं- पहला पेट्रोल पंपों पर ई20 और शुद्ध पेट्रोल का विकल्प होना चाहिए। दूसरा- ई20 शुद्ध पेट्रोल से सस्ता होना चाहिए और पेट्रोल की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर से कम होनी चाहिए।
…तब तक नई गाड़ी मत खरीदना
उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि जब तक देश में ई100 के अनुकूल वाहन नहीं बन जाते, तब तक वे वाहन खरीदना बंद कर दें। उन्होंने कहा, “मैं अपने देशवासियों से अपील करता हूं कि वे पेट्रोल और डीजल वाहन खरीदना बंद कर दें। जब तक देश में ई100 के अनुकूल वाहन बनने शुरू नहीं हो जाते, तब तक वाहन न खरीदें। यह सरकार आपको बर्बाद कर देगी।”