अस्पताल ले जाने का झांसा देकर KGP एक्सप्रेसवे पर फेंका, इलाज के अभाव में व्यक्ति की मौत

सोनीपत में सड़क हादसे के बाद कार सवारों ने घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के बजाय केजीपी एक्सप्रेसवे पर छोड़ दिया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी।

सोनीपत: गोहाना-सोनीपत रोड पर हुए एक सड़क हादसे ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया. दरअसल, यहां हादसे में गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार को अस्पताल पहुंचाने का भरोसा देने वाले कार सवार उसे इलाज के लिए ले जाने के बजाय केजीपी एक्सप्रेसवे पर छोड़कर फरार हो गए. तीन दिन बाद घायल का शव मिलने से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

हादसे के बाद मदद का दावा: मृतक के परिजनों की मानें तो यह घटना 1 अगस्त को गांव करेवड़ी के पास हुई. आरोप है कि उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार ने साइकिल सवार यशवीर को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सवारों ने मौके पर मौजूद लोगों से कहा कि वे घायल को अस्पताल पहुंचाएंगे. इसके बाद वे यशवीर को अपनी कार में बैठाकर वहां से निकल गए.

अस्पताल की बजाय एक्सप्रेसवे पर छोड़ा: परिजनों का आरोप है कि कार सवार घायल को अस्पताल नहीं ले गए. इसके बजाय उसे केजीपी एक्सप्रेसवे पर छोड़कर फरार हो गए. जब यशवीर घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और मोहाना थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. तीन अगस्त को पुलिस ने केजीपी एक्सप्रेसवे से यशवीर का शव बरामद किया, जिसके बाद मामले में लापरवाही और आपराधिक भूमिका की आशंका गहरा गई.

जांच में जुटी पुलिस: पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घायल को अस्पताल क्यों नहीं पहुंचाया गया और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. साथ ही कार सवारों की पहचान कर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है. घटनास्थल और एक्सप्रेसवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके. पुलिस प्रवक्ता रविन्द्र कुमार ने कहा कि, “पुलिस ने पहले मामला दर्ज किया था, अब उसमें संबंधित धाराएं जोड़ दी गई हैं. पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.”

वहीं, परिजनों का आरोप है कि यदि समय पर घायल को अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.