उकलाना की महिला की इलाज के दौरान मौत, हांसी के डॉक्टर समेत कई नए मरीज पॉजिटिव

हिसार में स्वाइन फ्लू से महिला की मौत, कुल संक्रमितों की संख्या 61 हुई। स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट।

हिसार : जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमण पैर पसारता जा रहा है। अब उकलाना के एक गांव की स्वाइन H1N11-फ्लू से पीड़ित 69 वर्षीय महिला की इलाज दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई है। इसके अलावा 2 साल के बच्चे और हांसी के एक डॉक्टर सहित 6 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है जिससे कुल मरीजों का आंकड़ा 61 पर पहुंच गया है। इस सीजन में मौत का यह दूसरा मामला है।

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि उकलाना के एक गांव की 69 वर्षीय महिला कुछ दिनों से गंभीर स्थिति में एक निजी अस्पताल में भर्ती थीं। जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद उनका उपचार चल रहा था लेकिन तबीयत ज्यादा बिगड़ने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।

जिला मलेरिया शाखा कार्यालय में बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में 6 नए केस सामने आए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक इस वायरस का असर देखा जा रहा है। विद्या नगर निवासी 2 साल का एक मासूम बच्चा स्वाइन फ्लू की चपेट में आया है। मॉडल टाउन की पब्लिक हेल्थ कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय महिला, जिंदल कॉलोनी की 26 वर्षीय महिला और हांसी की जगदीश कॉलोनी निवासी 79 वर्षीय बुजुर्ग में संक्रमण पाया गया है। गांव खेड़ी बर्की के 30 वर्षीय युवक और गांव हारिता की 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.