उत्तराखंड: देश के प्रथम गांव माणा में हुक्का पीना हरियाणा के युवकों को पड़ा भारी
बदरीनाथ धाम के पास देश के प्रथम गांव माणा में सार्वजनिक स्थान पर हुक्का पी रहे हरियाणा के दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा। काटा चालान, दिलाई मर्यादा की शपथ।
देश के प्रथम गांव माणा में सार्वजनिक स्थान पर हुक्का पीना हरियाणा के दो युवकों को भारी पड़ गया। बदरीनाथ धाम क्षेत्र में हुक्का पीकर धार्मिक गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने दोनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ करने पर युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी, जिसके बाद उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। भविष्य में धार्मिक स्थलों की मर्यादा और आस्था का सम्मान करने की शपथ भी दिलाई। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों पर हुक्का, धूमपान, नशाखोरी, हुड़दंग और गंदगी फैलाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का भी अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे कृत्यों से धाम की पवित्रता भंग होती है और श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।