एसआईटी जांच से लेकर सुरक्षा समन्वय समिति के गठन तक, ट्रस्ट की बैठक के मुख्य एजेंडे आए सामने
अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक आज। पहले सीईओ के चयन, एसआईटी जांच और सुरक्षा समिति पर हो सकता है बड़ा फैसला।
राम मंदिर को आज नया सीईओ मिल सकता है. ट्रस्ट की अहम बैठक में आज इसका ऐलान किया जा सकता है. कल यानी मंगलवार को चयन समिति ने ट्रस्ट को तीन नाम सौंपे थे. राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक आज दोपहर तीन बजे मणिराम दास छावनी में होगी. मंदिर के पहले CEO के चयन से लेकर SIT जांच तक कई बड़े मुद्दों पर चर्चा होगी.
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन के लिए गठित नियुक्ति समिति की रिपोर्ट शामिल है. नियुक्ति समिति की रिपोर्ट पर चर्चा के बाद आगे की प्रक्रिया को लेकर निर्णय लिया जाएगा. ऐसे में बैठक में ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे को लेकर बड़ा फैसला होने की संभावना है. राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े विवादों और व्यवस्थाओं को लेकर चल रही विशेष जांच दल (SIT) की जांच की अद्यतन स्थिति भी बैठक के एजेंडे में रखी गई है.
इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बनी SIT की वर्तमान स्थिति पर भी महासचिव की ओर से जानकारी दी जाएगी. ट्रस्ट की बैठक में ट्रस्ट डीड और न्यास नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव भी रखा गया है. इसका मतलब साफ है कि ट्रस्ट आने वाले समय में अपनी प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था में बदलाव की दिशा में आगे बढ़ सकता है.
वित्तीय हिसाब-किताब भी एजेंडे में
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लेखा परीक्षित आय-व्यय पत्रक और तुलन पत्रक को मंजूरी देने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया है. इसके अलावा पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन पर भी रिपोर्ट पेश की जाएगी. बैठक में 22 जुलाई 2026 की पिछली बैठक की कार्यवाही के वाचन एवं पुष्टि और 2 सितंबर को प्रस्तावित विशेष बैठक की कार्यवाही की पुष्टि से जुड़े विषय भी एजेंडे में शामिल हैं.
सुरक्षा के लिए बनेगी स्थानीय समन्वय समिति
राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी ट्रस्ट अहम फैसला कर सकता है। एजेंडे में महासचिव की अध्यक्षता में राम मंदिर के लिए स्थानीय सुरक्षा समन्वय समिति के गठन का प्रस्ताव शामिल है। इसके साथ ही प्रेस प्रवक्ता के चयन का मुद्दा भी लंबित रखा गया है।
अगली बैठक की तारीख भी होगी तय
न्यास की बैठक में आगे की रणनीति और कामकाज को लेकर अगली बैठक की तारीख भी तय की जाएगी. इसके अलावा अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर भी चर्चा का प्रावधान रखा गया है. इसके अलावा पिछली बैठक में ट्रस्ट में सचिव और प्रवक्ता के पद का सृजित किया गया था सचिन के पद पर नियुक्ति हो चुकी है. इसकी मंजूरी दे जाएगी और प्रवक्ता पद पर नियुक्ति भी कल की जा सकती है.
ट्रस्ट में अभी अंतिम महासचिव कृष्ण मोहन बने रह सकते हैं क्योंकि एजेंडे में महासचिव की नियुक्ति और सदस्यों की खाली पदों को लेकर कोई भी बात नहीं की गई यानी उस पर चर्चा नहीं होगी. अगर चर्चा होगी तो अध्यक्ष की अनुमति से चर्चा हो सकती है.