करनाल: बहन को बचाने गए भाई की हत्या, दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप

करनाल के कुचपुरा गांव में बहन को ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से बचाने गए 28 वर्षीय जसविंदर की हत्या। परिवार ने दहेज और 20 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया।

करनाल: जिले के निसिंग क्षेत्र के गांव कुचपुरा में एक युवक की हत्या का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान 28 वर्षीय जसविंदर के रूप में हुई है, जो रायसन गांव का रहने वाला था. परिजनों के अनुसार जसविंदर अपनी बहन को ससुराल में कथित तौर पर हो रही प्रताड़ना से बचाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

रास्ते में घेरकर किया हमला: परिवार का आरोप है कि जसविंदर अपने भाइयों के साथ बहन मंजू की मदद के लिए कुचपुरा जा रहा था. जैसे ही वे गांव के बाहरी क्षेत्र में पहुंचे, कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया. इसी दौरान जसविंदर पर हमला किया गया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से करनाल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

एक साल पहले हुई थी शादी: मृतक के परिजनों ने बताया कि, “मंजू की शादी करीब एक वर्ष पहले कुचपुरा निवासी मनीष के साथ हुई थी. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही मंजू को दहेज की मांग को लेकर परेशान किया जा रहा था. उसके साथ मारपीट की घटनाएं भी होती थीं, जिसकी जानकारी वह कई बार अपने मायके वालों को दे चुकी थी.”

रोते हुए किया था फोन: मृतक के मौसेरे भाई कपिल ने बताया कि, “घटना से पहले मंजू ने रोते हुए अपने भाई जसविंदर को फोन किया था. उसने बताया कि उसके साथ फिर मारपीट की गई है. बहन की आवाज में दर्द और डर सुनकर जसविंदर बिना देर किए उसे लेने के लिए निकल पड़ा था. हमें अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा.”

20 लाख रुपये मांगने का आरोप: परिवार ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि मंजू के गहने छीन लिए गए, उसे कमरे में बंद कर दिया गया और उसकी गर्दन पर चाकू रखकर 20 लाख रुपये की मांग की गई. इसी भय और दबाव के बीच उसने अपने भाई को फोन कर मदद मांगी थी. परिजन इस पूरे घटनाक्रम को दहेज प्रताड़ना और सुनियोजित साजिश से जोड़कर देख रहे हैं.

जांच में जुटी पुलिस: मामले में निसिंग थाना पुलिस जांच अधिकारी अजय कुमार ने कहा कि, “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है. सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.”

परिवार में मातम: वहीं, जसविंदर की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर में मातम पसरा हुआ है. वहीं, गांव के लोगों में भी घटना को लेकर भारी रोष है. परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पूरे क्षेत्र की नजर अब पुलिस जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.