कानपुर: कचहरी की 5वीं मंजिल से कूदकर वकील ने दी जान, सुसाइड नोट में बयां किया दर्द

कानपुर कचहरी में वकील प्रियांशु श्रीवास्तव ने 5वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या। सुसाइड नोट में PCSJ परीक्षा में असफलता और पारिवारिक तनाव का जिक्र। पुलिस जांच जारी।

कानपुर कचहरी परिसर में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक वकील ने कचहरी परिसर की 5वीं मंजिल से छलांग लगा दी. घटना के बाद कचहरी में अफरा-तफरी मच गई. सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता मौके पर इकट्ठा हो गए. आनन-फानन में घायल वकील को उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. ​मृतक की पहचान प्रियांशु श्रीवास्तव के रूप में हुई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय प्रियांशु अचानक 5वीं मंजिल की रेलिंग के पास पहुंचा और नीचे कूद गया. शोर-शराबा सुनकर आसपास के चैम्बर्स से वकील और वादी बाहर निकल आए. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और विधिक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने प्रियांशु का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.

PCSJ परीक्षा पास नहीं कर सका था

शुरुआती जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ. प्रियांशु ने आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर दो पन्नों का सुसाइड नोट पोस्ट किया था. इस नोट में उसने अपने जीवन के संघर्षों और मानसिक पीड़ा का जिक्र किया. ​सुसाइड नोट में प्रियांशु ने लिखा कि, “उसने 2016 में LLB की पढ़ाई पूरी कर ली थी, लेकिन इसके बावजूद वह PCSJ परीक्षा पास नहीं कर सका. घर की आर्थिक स्थिति और पिता के खराब स्वास्थ्य के कारण वह लंबे समय से तनाव में था.”

मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं

प्रियांशु ने आगे लिखा कि, “परिवार की जिम्मेदारियों के चलते लगातार संघर्ष करता रहा. घर के खराब हालात के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था, लेकिन उसने कभी किसी से अपनी परेशानी जाहिर नहीं की.” ​भावुक कर देने वाले इस नोट में प्रियांशु ने स्पष्ट किया कि उसकी मौत के लिए कोई भी व्यक्ति जिम्मेदार नहीं है. उसने अपनी मां की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर करते हुए लिखा, “मेरे जाने के बाद मेरी मां को कोई परेशान न करे. मेरी वजह से मां को कोई तकलीफ न देना.”

​इस पूरे मामले में पुलिस के अनुसार, मोबाइल स्टेटस और सुसाइड नोट के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर यह मामला अवसाद (डिप्रेशन) और पारिवारिक संघर्ष का लग रहा है. पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे के अन्य संभावित कारणों का पता लगाया जा सके.

Leave A Reply

Your email address will not be published.