काशी: गंगा में नाव पर चिकन-शराब की पार्टी, 5 युवक गिरफ्तार; नाव सीज

वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर चिकन पकाते और शराब पीते युवकों का वीडियो वायरल। पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार, नाव भी की सीज।

धर्म नगरी काशी से आस्था को ठेस पहुंचाने वाली एक बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है. मोक्षदायिनी और पतित पावनी कही जाने वाली गंगा नदी के बीचों-बीच नाव पर कुछ युवकों द्वारा चिकन पकाने और बियर-शराब का दौर चलाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो के सामने आते ही वाराणसी पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. दशाश्वमेध थाना पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और वीडियो में दिख रहे पांचों हुड़दंगी युवकों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.

जानकारी के अनुसार, वायरल हो रहा यह वीडियो वाराणसी के प्रसिद्ध मान मंदिर घाट के सामने गंगा नदी का है. वीडियो कुछ दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक आस्था की प्रतीक गंगा मैया की गोद में नाव के ऊपर ही चिकन बना रहे हैं और खुलेआम शराब व बियर का सेवन कर रहे हैं. जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, काशी के प्रबुद्ध नागरिकों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके बाद दशाश्वमेध थाना पुलिस तुरंत एक्टिव मोड में आ गई.

BNS की गंभीर धाराओं में मुकदमा, नाव भी हुई सीज

वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की शिनाख्त की और उनके खिलाफ दशाश्वमेध थाने में मुकदमा अपराध संख्या 143/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(2) और 299 के अंतर्गत मामला दर्ज किया.

इस बड़ी कार्रवाई पर जानकारी देते हुए एसीपी दशाश्वमेध, अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया- गंगा नदी में इस तरह का अनैतिक कृत्य करने वाले पांचों युवकों की पहचान कर ली गई है. उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके साथ ही, जिस नाव पर बैठकर ये लोग नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे और अनैतिक कार्य कर रहे थे, उस नाव को भी पुलिस ने सीज कर दिया है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस की गिरफ्त में आए पांचों आरोपी वाराणसी के ही रहने वाले हैं.

  • दीपक कुमार (उम्र 25 वर्ष), पुत्र पारस नाथ निषाद, निवासी- सुजाबाद पड़ाव, थाना रामनगर.
  • अजय साहनी (उम्र 20 वर्ष), पुत्र रामू साहनी, निवासी- सुजाबाद पड़ाव, थाना रामनगर.
  • अरुण कुमार साहनी (उम्र 22 वर्ष), पुत्र सत्यनारायण निषाद, निवासी- डोमरी, थाना रामनगर.
  • अनुराग निषाद (उम्र 31 वर्ष), पुत्र मनोज कुमार निषाद, निवासी- डोमरी, थाना रामनगर.
  • राहुल साहनी (उम्र 28 वर्ष), पुत्र लोलार्क साहनी, निवासी- बंधा रोड, सुजाबाद, थाना रामनगर.

3 महीने में दो दर्जन हुड़दंगी जा चुके हैं जेल, पुलिस की सख्त चेतावनी

काशी में गंगा सिर्फ एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की अटूट आस्था का केंद्र हैं. ऐसे में गंगा की छाती पर लगातार बढ़ रही ऐसी अमर्यादित और अनैतिक हरकतें श्रद्धालुओं की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचा रही हैं. पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों के भीतर गंगा में इस तरह की कॉकटेल पार्टी और हुड़दंग करने के आरोप में करीब दो दर्जन लोगों को जेल भेजा जा चुका है. वाराणसी पुलिस ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि गंगा में नावों पर नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक व्यवस्था व धार्मिक मर्यादा को ठेस पहुंचाने वालों पर ड्रोन और पैनी नजर रखी जा रही है, और आगे भी ऐसे तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.