कुरुक्षेत्र: ट्रांसफार्मर करंट की चपेट में आने से 2 सगे भाइयों की मौत
कुरुक्षेत्र के गांव धनतोड़ी में बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर करंट लगने से एक ही परिवार के 3 लोग झुलसे, 2 की मौत। बिजली विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में भारी रोष।
कुरुक्षेत्र: जिले के गांव धनतोड़ी में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया. यहां बरसात के दौरान ट्रांसफार्मर की तार में उतरे करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोग बुरी तरह झुलस गए. अस्पताल में इलाज के दौरान दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम और बिजली विभाग के खिलाफ भारी रोष है.
अपनों को बचाने के चक्कर में एक के बाद एक आए चपेट मेंः जानकारी के अनुसार इलाके में तेज बारिश हो रही थी. इसी दौरान गांव निवासी बिंदर राम (पुत्र मनीराम) अचानक ट्रांसफार्मर की बिजली की तार में फैले करंट की चपेट में आ गया. बिंदर राम को तड़पता देख उसे बचाने के लिए उसका सगा भाई नाथी राम तुरंत दौड़ा. जैसे ही नाथी राम ने भाई को छुड़ाने की कोशिश की वह भी करंट की चपेट में आ गया. दोनों को मौत के मुंह में घिरता देख नाथी राम का 35 वर्षीय बेटा लाडी भी अपने पिता और ताऊ को बचाने के लिए आगे आया. दुर्भाग्यवश बिजली के तेज करंट ने लाडी को भी अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में परिवार के तीन सदस्य मौत के जाल में फंस गए.
ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद छुड़ायाः हादसे को देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए बेहद मुश्किल से तीनों को करंट की तार से अलग किया और तुरंत उन्हें निजी अग्रवाल अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल के डॉक्टर अनुराग कौशल ने बताया कि जब तीनों को अस्पताल लाया गया, तो उनमें से दो की मौत हो चुकी थी. करंट पैर के रास्ते शरीर में घुसकर सिर की नस से बाहर निकला था, जो बेहद घातक साबित हुआ. तीसरे घायल लाडी की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है.
बिजली विभाग की लापरवाही पर भड़के ग्रामीणः हादसे की खबर फैलते ही अस्पताल और गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि पीड़ित परिवार के घर के ठीक ऊपर से बिजली की हाई-वोल्टेज तारें गुजर रही हैं. ग्रामीणों ने कई बार विभाग से इन तारों पर प्लास्टिक की सुरक्षा पाइप डालने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. आज बारिश के कारण ट्रांसफार्मर की तार का करंट नीचे तक फैल गया, जिससे यह भयानक हादसा हुआ, डेढ़ महीने पहले एक्सीडेंट में बिंदर राम के इकलौते बेटे की भी मौत हो चुकी है.