कुरुक्षेत्र: पति की मौत के 3 दिन बाद पत्नी ने भी दी जान; सुसाइड से पहले भाई को भेजा भावुक मैसेज

कुरुक्षेत्र के सेक्टर-13 में पीजी में रह रही 21 वर्षीय मानसी ने की आत्महत्या। 3 दिन पहले पति विक्रम ने भी लगाई थी फांसी। प्रेम विवाह के बाद तनाव और विवाद बनी वजह।

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले में पति-पत्नी की आत्महत्या का एक दर्दनाक सिलसिला सामने आया है। पति की मौत के महज तीन दिन बाद पत्नी ने भी फंदा लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। घटना सेक्टर-13 स्थित एक पीजी की है, जहां युवती का शव कमरे में पंखे से लटका मिला।

अंदर का मंजर देख रह गए सन्न 

मृतका की पहचान मानसी उर्फ देवी (21) निवासी जींद के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह जब वह देर तक कमरे से बाहर नहीं आई और दरवाजा अंदर से बंद रहा, तो पीजी संचालक को संदेह हुआ। खिड़की से झांकने पर अंदर का मंजर देख वह सन्न रह गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

3 दिन पहले ही पति ने की थी आत्महत्या 

जांच में खुलासा हुआ कि मानसी के पति विक्रम (26), निवासी तरावड़ी (करनाल), ने तीन दिन पहले ही आत्महत्या कर ली थी। दोनों ने करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था, लेकिन बीते कुछ समय से उनके संबंधों में खटास आ गई थी। करीब एक महीने पहले विवाद के चलते मानसी कुरुक्षेत्र आकर अलग रहने लगी थी और पीजी में रहकर नौकरी की तलाश कर रही थी।

सुसाइड से पहले विक्रम ने भाई को भेजा था मैसेज 

बताया जा रहा है कि विक्रम अपनी पत्नी के अलग होने के बाद करनाल के गांव चौपड़ी में ननिहाल चला गया था। वह वहीं किराए के कमरे में रह रहा था। कुछ दिन पहले कमरे से बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो विक्रम का शव फंदे से लटका मिला।
इधर करनाल पुलिस ने मानसी को उसके पति की आत्महत्या के मामले में पूछताछ के लिए मंगलवार को बुलाया था। विक्रम के परिजनों ने उस पर पैसे लेकर जाने का आरोप लगाया था। इसी तनाव के बीच मानसी ने सोमवार देर रात पीजी के कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुसाइड से पहले उसने अपने भाई को मैसेज भेजा, जिसमें लिखा—“अब सहा नहीं जा रहा, मैंने विक्रम के कोई पैसे नहीं लिए।”

आत्महत्या के पीछे के असली कारणों का चला पता

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मृतका के परिजनों को बुलाकर बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही करनाल पुलिस से भी संपर्क कर दोनों घटनाओं के बीच संबंधों की कड़ी जोड़ी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर मामला पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन आत्महत्या के पीछे के असली कारणों का पता लगाने के लिए हर एंगल से जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.