क्राइम व पुलिस अपडेट: सड़क पर लेटे व्यक्ति का नाटक कर रोकी कार, ग्वार खरीदने के लिए ले जा रहे थे नकदी

सिवानी मंडी में एनएच-52 पर व्यापारी से पिस्तौल दिखाकर ₹54 लाख की लूट; लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस की चार टीमें और खंगाले जा रहे सीसीटीवी।

सिवानी मंडी। गांव ढाणी सिल्हांवाली (सिलावली) के अनाज-दाना व्यापारी जयमोहन को पिस्तौल दिखाकर बाइक सवार दो बदमाश वीरवार शाम 54 लाख रुपये लूटकर भाग गए। पुलिस की चार टीमें लुटेरों की तलाश में जुटी हैं। घटनास्थल के आसपास और बदमाशों के भागने के रास्तों पर लगे CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

🛣️ सड़क पर लेटे व्यक्ति का नाटक कर रोकी कार

DSP सुरेंद्र सिंह के मुताबिक व्यापारी जयमोहन ने बताया कि वह कार से सिवानी की ओर जा रहा था। कार में रखे बैग में करीब 54 लाख रुपये थे। NH-52 पर बने पुल के नजदीक माता मनसा देवी मंदिर के पास सड़क पर एक व्यक्ति लेटा दिखाई दिया। पास में एक बाइक भी खड़ी थी। कार रोकी और नीचे उतरकर देखने लगा। तभी लेटा व्यक्ति खड़ा हो गया और उसका साथी भी वहां पहुंच गया। दोनों ने उस पर पिस्तौल तान दी और कार में रखा बैग लेकर भाग गए।

👮‍♂️ ग्वार खरीदने के लिए ले जा रहे थे रुपये, जांच तेज

जयमोहन ने बताया कि रुपये ग्वार खरीदने के लिए लेकर जा रहे थे। वारदात की सूचना मिलते ही DSP, थाना प्रभारी रिसाल सिंह और CIA की टीम मौके पर पहुंची। DSP सुरेंद्र ने बताया कि लुटेरों की तलाश की जा रही है। CIA-1, ईशरवाल, भिवानी और सिवानी थाने की पुलिस जांच में जुटी हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। व्यापारी के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.