खड़गे से मिले सुखबीर और निशित कटारिया, हरियाणा कांग्रेस को लेकर हुई चर्चा
हरियाणा कांग्रेस के नेता सुखबीर कटारिया और निशित कटारिया ने मल्लिकार्जुन खड़गे से की मुलाकात। प्रदेश में जनहित के मुद्दों और युवाओं के संघर्ष पर हुई चर्चा।
चंडीगढ़ : हरियाणा के पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया एवं युवा कांग्रेस हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े जी से मुलाकात कर उन्हें राज्यसभा सांसद चुने जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों नेताओं ने हरियाणा में कांग्रेस की गतिविधियों, जनआंदोलनों तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। वहीं मुलाकात के दौरान कांग्रेस को और मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोडऩे तथा प्रदेश में जनहित के मुद्दों को लेकर व्यापक स्तर पर संघर्ष तेज करने पर भी चर्चा हुई।
इस मौके पर पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को दक्षिण हरियाणा एवं गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियानों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा जनता के मुद्दों को लेकर किए जा रहे संघर्षों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार किसानों, मजदूरों, युवाओं और आमजन की आवाज को मजबूती से उठा रही है।
वहीं युवा कांग्रेस हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान प्रदेशभर में युवाओं के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए चलाए गए आंदोलनों एवं संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से दक्षिणी हरियाणा में युवाओं के रोजगार, शिक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर किए गए संघर्षों, चंडीगढ़-पंचकूला स्थित एचएसएससी कार्यालय के घेराव तथा विभिन्न जनआंदोलनों का उल्लेख किया। वहीं उन्होंने हाल ही में कुरुक्षेत्र में सांसद दीपेंद्र हुड्डा व युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब के नेतृत्व में नीट पेपर लीक और सीबीएसई परीक्षाओं में कथित व्यापक अनियमितताओं के विरोध में आयोजित विशाल युवा प्रदर्शन का भी जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से अपने अधिकारों की मांग कर रहे युवाओं पर सरकार ने दमनात्मक रवैया अपनाते हुए वाटर कैनन का प्रयोग किया, जिसमें उन्हें चोटें भी आईं। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को बताया कि प्रदर्शन के दौरान सांसद दीपेंद्र हुड्डा व उदयभानु चिब की सुरक्षा और आंदोलन का नेतृत्व बनाए रखने के लिए वे स्वयं उनके सामने डटकर खड़े रहे तथा वाटर कैनन की तीव्र बौछारों का सामना भी किया, जिसमें उन्हें चोटिल भी होना पड़ा। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने निशित कटारिया को लगी चोट के बारे में जानकारी ली और युवाओं के अधिकारों, शिक्षा तथा रोजगार के लिए किए जा रहे उनके संघर्ष, साहस और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया ने कहा कि आज देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लगातार दबाव बढ़ रहा है और जनता महंगाई, बेरोजगारी तथा जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है। ऐसे समय में मल्लिकार्जुन खडग़े के अनुभवी और संघर्षशील नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी संविधान, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी है। खडग़े जी का नेतृत्व कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जनता में विश्वास का संचार कर रहा है।
वहीं युवा कांग्रेस हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि, हरियाणा का युवा अपने भविष्य, रोजगार और शिक्षा को लेकर चिंतित है, लेकिन युवा कांग्रेस अन्याय और दमन के सामने झुकने वाली नहीं है। चाहे एचएसएससी कार्यालय का घेराव हो, युवाओं के रोजगार का मुद्दा हो या फिर नीट पेपर लीक और परीक्षा घोटालों के खिलाफ संघर्ष, युवा कांग्रेस हर मोर्चे पर युवाओं की आवाज बनकर खड़ी रही है। युवाओं के अधिकारों की इस लड़ाई को हम और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज रही है। युवाओं का संघर्ष और कार्यकर्ताओं का समर्पण ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। हमें संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से जनता के बीच जाकर संघर्ष करना होगा। आने वाला समय कांग्रेस की विचारधारा और जनहित की राजनीति को और अधिक मजबूत करेगा।