खाटू श्याम से लौट रही श्रद्धालुओं की पिकअप खड़े ट्रक से टकराई, 6 की मौत और 15 घायल

केएमपी एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी। हादसे में 6 लोगों की मौत और 15 से अधिक घायल।

पलवल :  हरियाणा के कुंडली-मानसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है। राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर उत्तर प्रदेश लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसा इतना भीषण था कि पिकअप और ट्रक दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनएचएआई की राहत टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला।सभी पीड़ित उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं, जो राजस्थान में खाटू श्याम जी के दर्शन के बाद अपने घर लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेसवे के किनारे खड़े ट्रक का अंदाजा न लग पाने या अचानक असंतुलन बिगड़ने के कारण पिकअप सीधे उसमें जा घुसी। दुर्घटना में घायल हुए 15 लोगों को तुरंत नजदीकी नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की आगामी जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.