गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में मिला हिडन मोबाइल कैमरा, नहाते समय के वीडियो बनाने वाली वार्डेन गिरफ्तार

गोरखपुर के गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में हिडन कैमरा मिलने से हड़कंप। महिला वार्डेन के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज।

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से छात्राओं की सुरक्षा और प्राइवेसी (निजता) में सेंध लगाने का एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है. शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहद्दीपुर स्थित एक प्राइवेट गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में हिडन मोबाइल कैमरा ऑन रखकर छात्राओं का नहाते और फ्रेश होते समय का वीडियो बनाने का मामला उजागर हुआ है. पुलिस ने छात्राओं की शिकायत पर हॉस्टल की महिला वार्डेन आरती के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, मोहद्दीपुर स्थित इस गर्ल्स हॉस्टल में कुल 20 कमरे हैं, जिनमें वर्तमान में करीब 26 छात्राएं रहकर अपनी पढ़ाई करती हैं. दो दिन पहले ही हॉस्टल में रहने आई एक नई छात्रा 8 सितंबर को जब फ्रेश होने के लिए हॉस्टल के कॉमन बाथरूम में गई, तो उसकी नजर अचानक वहां छुपाकर रखे गए एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन पर पड़ी.

फोन का कैमरा ऑन था और उसका मुंह सीधे टॉयलेट की तरफ किया गया था. सतर्क छात्रा ने तुरंत अपने मोबाइल से उस छुपाए गए फोन का वीडियो रिकॉर्ड किया और बाहर आकर हॉस्टल की अन्य छात्राओं को इसकी जानकारी दी.

डायल 112 पर दी सूचना, जांच में मिले छात्राओं के वीडियो

बाथरूम में कैमरा मिलने की बात फैलते ही हॉस्टल में रह रही छात्राओं के बीच हड़कंप मच गया और उन्होंने मौके पर भारी हंगामा शुरू कर दिया. छात्राओं ने तुरंत अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी और 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुलाया.

मौके पर पहुंची कैंट थाना पुलिस ने आरोपी महिला वार्डेन आरती का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच की. चेकिंग के दौरान मोबाइल में कई छात्राओं के नहाते और फ्रेश होते समय के वीडियो मिले, जिसे पुलिस ने अपनी मौजूदगी में डिलीट कराया ताकि कोई कंटेंट लीक न हो सके.

‘सेनेटरी पैड फेंकने से थी परेशान…’ वार्डेन ने पुलिस को दी बेतुकी सफाई

पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी वार्डेन आरती ने अपना गुनाह छुपाने के लिए बेहद अजीबोगरीब सफाई दी. उसने पुलिस को बताया कि छात्राएं हॉस्टल के बाथरूम में इधर-उधर सेनेटरी पैड फेंक देती थीं, इसी को पकड़ने के लिए उसने मोबाइल फोन का कैमरा ऑन करके बाथरूम में छिपाकर रखा था. हालांकि, पुलिस और छात्राओं ने इस सफाई को सिरे से खारिज कर दिया है.

एसपी सिटी का बयान: कैंट थाने में केस दर्ज

मामले में एसपी सिटी (SP City) निमिष पाटिल ने बताया कि मोहद्दीपुर के गर्ल्स हॉस्टल से छात्राओं की प्राइवेसी भंग करने का गंभीर मामला सामने आया है. छात्राओं द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर बुधवार की शाम को आरोपी वार्डेन के खिलाफ कैंट थाने में सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जब्त किए गए मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.