यूपी चुनाव के लिए बीजेपी का बड़ा प्लान, प्रभारी विनोद तावड़े लखनऊ में करेंगे कैंप, 16 सितंबर से दौरा शुरू
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े लखनऊ से संभालेंगे कमान। 16 से 22 सितंबर तक करेंगे 15 जिलों का दौरा।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने संगठन और चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है. पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े गणेश उत्सव के बाद लगातार यूपी में कैंप करेंगे. चुनाव तक लखनऊ को अपना बेस बनाकर तावड़े संगठन और चुनावी रणनीति की निगरानी करेंगे.
सूत्रों के मुताबिक, यूपी प्रभारी विनोद तावड़े के लखनऊ में रहने के लिए आवास की तलाश का काम किया जा रहा है. गणेश उत्सव के बाद वह नियमित तौर पर यूपी और लखनऊ में ही रहेंगे और विधानसभा चुनाव तक यहीं से चुनावी गतिविधियों को संचालित करेंगे. चुनाव खत्म होने तक विनोद तावड़े का दिल्ली प्रवास कम ही होगा.
कबसे कब तक रहेंगे?
मंडल और बूथ तक संगठन को माजने के क्रम में तावड़े पहले चरण में 16 से 22 सितंबर तक उत्तर प्रदेश में रहेंगे. इस दौरान वह संगठन के पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं के साथ बैठकें कर चुनावी रणनीति और बूथ स्तर तक चुनावी प्रबंधन की समीक्षा करेंगे. चुनावी तैयारियों में अड़चनों और कमियों को दूर करने का काम करेंगे.
अपने इस प्रवास के दौरान तावड़े उत्तर प्रदेश के तीन क्षेत्रों के करीब 15 जिलों का दौरा करेंगे. दौरे में स्थानीय संगठन की तैयारियों, चुनावी समीकरणों और विधानसभा स्तर पर पार्टी की स्थिति का फीडबैक लिया जाएगा. यहां स्पष्ट कर दें कि बीजेपी संगठन की दृष्टि से यूपी को बीजेपी ने 6 हिस्सों में बांट रखा है.
वहीं उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी से टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं को भी संगठन के जरिए साफ संदेश दिया गया है. टिकट के इच्छुक उम्मीदवारों को दिल्ली दरबार का चक्कर लगाने के बजाय अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय रहने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने की हिदायत दी गई है.
जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटे
इस क्रम में पार्टी नेतृत्व का संदेश है कि टिकट पाने की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थी दिल्ली में नेताओं से मुलाकात और लॉबिंग करने के बजाय अपने संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में रहकर संगठन के लिए काम करें। ऐसे नेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी जो लंबे समय से अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं.
बीजेपी की रणनीति साफ है कि चुनावी तैयारियों के दौरान नेताओं की सक्रियता का आकलन सिर्फ दिल्ली में उनकी पहुंच के आधार पर नहीं, बल्कि विधानसभा क्षेत्र में उनकी मौजूदगी, संगठन के साथ समन्वय और जमीनी कामकाज के आधार पर किया जाए.
विनोद तावड़े के लगातार यूपी में कैंप करने और प्रत्येक जिलों तक दौरे करने की मंशा से संकेत साफ है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को अब और अधिक केंद्रीकृत और जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
संगठन की चुनावी तैयारी और प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए बीजेपी संगठन मंत्री बीएल संतोष भी शुक्रवार को लखनऊ पहुंच रहे हैं जहां वो तमाम संगठन बैठकों में हिस्सा लेंगे.