गाजियाबाद: कार से टक्कर का विरोध करने पर दंपति से मारपीट और लूट
गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार में तेज रफ्तार कार चालक ने महिला पर कार चढ़ाई, विरोध करने पर दंपति के साथ मारपीट और लूटपाट। विजयनगर पुलिस ने केस दर्ज किया।
गाजियाबाद । सिद्धार्थ विहार में कार से टक्कर मारने का विरोध करने पर चालक ने महिला के पैर पर कार चढ़ा दी। इसके बाद साथियों को बुलाकर दंपति के साथ मारपीट की। दंपती के मुताबिक, आरोपियों ने पर्स, मोबाइल और सोने की चेन भी लूट ली। विजयनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सिद्धार्थ विहार स्थित एपेक्स द क्रेमलिन सोसाइटी के सोनल सिंह पति राज रंजय सिंह के साथ बाजार गईं थीं। पति दूसरी दुकान पर चले गए। पत्नी सब्जी खरीदकर उनके पास जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार उनके पैर पर चढ़ गई, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। सोनल के मुताबिक, उन्होंने चालक को रोकने का प्रयास किया और पति को फोन कर बुलाया। इस दौरान कार चालक और एक महिला ने उनके साथ अभद्रता और मारपीट की। जब पति ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। चालक ने पति पर भी कार चढ़ाने का प्रयास किया। कुछ देर में पांच-छह अन्य परिचित भी आए और सभी ने घेर लिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उनका पर्स छीन लिया, जिसमें करीब पांच हजार रुपये थे। इसके अलावा मोबाइल और गले से चेन छीन ली।
कपड़े फाड़ने और धमकी देने का आरोप
सोनल ने शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। सोनल ने विजयनगर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय का कहना है कि शिकायत के आधार पर कार चालक, उसके साथ मौजूद महिला व छह अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।