गाजियाबाद: घरेलू विवाद में दो बेटों ने की माता-पिता की पीटकर हत्या

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात। घरेलू विवाद के दौरान दो बेटों ने की माता-पिता की हत्या, पुलिस ने दोनों आरोपियों को लिया हिरासत में।

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र के वीर नगर मोहल्ले में सोमवार देर रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई। घरेलू विवाद के दौरान दो बेटों ने माता-पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। किरायेदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपी बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात डायल-112 पर एक किरायेदार ने सूचना दी कि उसके मकान मालिक गंगाशरण, उनकी पत्नी विमलेश और दोनों बेटे दीपक और ललित के बीच मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर गंगाशरण और उनकी पत्नी विमलेश गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने तत्काल दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि दोनों बेटों ने माता-पिता के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, विवाद की असली वजह का अभी खुलासा नहीं हो सका है।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटों दीपक और ललित को मौके से ही हिरासत में ले लिया। दोनों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। पुलिस घर में मौजूद अन्य साक्ष्यों को भी जुटा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं।

वजह अभी साफ नहीं

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतकों के परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि डायल-112 पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायल दंपती को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों आरोपी बेटों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में सभी पहलुओं की जांच करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.