दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी: राजघाट के पास जाम, किसान रैली आज
दिल्ली में किसान घाट पर 'देश बचाओ मोर्चा' की रैली के चलते ट्रैफिक एडवाइजरी जारी। राजघाट के आसपास जाम की आशंका, एयरपोर्ट जाने वाले पहले से बनाएं प्लान।
राजधानी दिल्ली में राजघाट के आसपाक की कई सड़कों पर आज लोगों को फिर जाम का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को प्रभावित रास्तों से बचने, एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाने वालों से अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी है।
ट्रैफिक एडवाइजरी में कहा गया है कि नई दिल्ली के किशन घाट पर ‘देश बचाओ मोर्चा’ द्वारा 21 जुलाई 2026 को आयोजित किए जाने वाले विरोध प्रदर्शन रैली के मद्देनजर सुबह 8:30 बजे से ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए जरूरत पड़ने पर सड़कें बंद करने और रूट डायवर्जन जैसे इंतजाम किए जा सकते हैं।
इन जगहों से किया जा सकता है डायवर्जन
• दिल्ली गेट
• राजघाट क्रॉसिंग
• गुरु नानक चौक
• शांतिवन चौक
• राजघाट DTC डिपो
• IP फ्लाईओवर
इन रास्तों पर मिल सकता है जाम
• सत्याग्रह मार्ग
• वेलोड्रोम रोड
• राजघाट DTC डिपो रोड
• राजघाट DTC बाईपास रोड
• आस-पास की सड़कें और उनसे जुड़े रास्ते
लोगों के लिए सलाह
• एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों और आस-पास के इलाकों में जाने वाले लोग अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें।
• मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
• गाड़ियां सिर्फ तय पार्किंग जगहों पर ही पार्क करें।
• सड़क के किनारे पार्किंग से बचें क्योंकि इससे ट्रैफिक के सुचारू प्रवाह में रुकावट आती है।
• रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए नेविगेशन ऐप्स का इस्तेमाल करें और जहां तक हो सके, सलाह की अवधि के दौरान प्रभावित रास्तों से बचें।
वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन निर्देश
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से सड़कं पर संयम रखने, मुख्य चौराहों पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों एवं ट्रैफिक नियमों का पालन करने और यातायात को सुचारू बनाए रखने में ट्रैफिक कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है। रियल-टाइम अपडेट और मदद के लिए, इन माध्यमों से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स के अलावा वॉट्सऐप 8750871493 और हेल्पलाइन नंबर 1095/011-25844444 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
दिल्ली अब क्यों हो रही किसानों की रैली
बता दें कि, पंजाब के कई इलाकों से किसान 21 जुलाई को दिल्ली में किसान घाट पर भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में आयोजित रैली में हिस्सा लेंगे। किसान मजदूर मोर्चा के नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान जैसे कई राज्यों के किसान रैली में शामिल होने के लिए राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे। यह रैली ‘देश बचाओ मोर्चा’ के बैनर तले आयोजित की जा रही है। पंढेर ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के तहत भारत में सस्ते कृषि उत्पादों के आयात की अनुमति देने से किसानों, खेतिहर मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों और देश की कृषि अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित समझौता कुछ ही चीजों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें खेती, डेयरी, उद्योग, डिजिटल व्यापार, ई-कॉमर्स, सरकारी खरीद, बौद्धिक संपदा अधिकार और सेवा क्षेत्र भी शामिल हो सकते हैं।