गाजियाबाद: पब्लिक ट्रांसपोर्ट होगा मजबूत, चलेंगी 100 नई इलेक्ट्रिक बसें

गाजियाबाद में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को सुगम बनाने के लिए 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी मिली। जेवर एयरपोर्ट के लिए भी 18 बसों के परमिट जारी।

गाजियाबाद शहर के दैनिक यात्रियों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा को अब मजबूत किया जाएगा। इसके लिए 100 और इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलाई जाएंगी। नगर विकास विभाग ने सिटी बसों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके संचालन से यात्रियों की ऑटो और निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, वहीं नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और महिलाओं को आवागमन में काफी हद तक राहत मिलेगी।

17 बसों की बैटरी खराब

परिवहन निगम के पास शहर के दैनिक यात्रियों के सफर के लिए 50 इलेक्ट्रिक सिटी बस हैं। इनमें से 17 बसों की बैटरी खराब हो गई थी, जिसके चलते ये डिपो में खड़ी हैं। शहर की करीब 35 लाख की आबादी है। बसें पहले से ही कम थीं और बैटरी पैक खराब होने के बाद यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण अधिकांश लोगों को ऑटो, ई-रिक्शा और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।

कई रूटों पर पीक आवर्स के दौरान जाम की समस्या

इससे यात्रियों पर आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ सड़कों पर यातायात का दबाव भी बढ़ता है। कई प्रमुख मार्गों पर पीक आवर्स के दौरान जाम की समस्या आम हो गई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और सार्वजनिक परिवहन की आवश्यकता को देखते हुए 100 सिटी बसों के संचालन की योजना को मंजूरी मिल गई है। ये बसें गाजियाबाद क्षेत्र को जल्द ही उपलब्ध करा दी जाएंगी। इसके बाद इन बसों को शहर के प्रमुख मार्गों, औद्योगिक क्षेत्रों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और आवासीय इलाकों से जोड़ा जाएगा।

महिलाओं-छात्रों को लाभ होगा

बसों की कमी के कारण कई महत्वपूर्ण रूट पर बसें नहीं चल पा रही हैं। एयरपोर्ट का रूट भी इन्हीं में से एक है। कई पॉश इलाकों में भी बसों की कनेक्टिविटी नहीं है, जबकि शहर की बड़ी आबादी रोजाना सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करती है। छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित यात्रा के लिए बेहतर विकल्प की आवश्यकता रहती है। सिटी बसों की संख्या बढ़ने से महिलाओं और छात्राओं को सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध होगा।

नोएडा एयरपोर्ट के रूट पर 18 बसें चलाने को मंजूरी

वहीं, संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में मंगलवार को जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के लिए 18 बसों के परमिट को मंजूरी दी गई। मेरठ मंडल कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक हुई। प्राधिकरण के सचिव प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि रबूपुरा से बॉटेनिकल गार्डन वाया यमुना एक्सप्रेसवे, सेक्टर-21, सेक्टर-20, सलारपुर अंडरपास, दनकौर गोलचक्कर, सेक्टर-17 और सेक्टर-26 होते हुए परी चौक तक के रूट के लिए चार बसों को परमिट दिए गए। बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-22डी, सालारपुर अंडरपास, गोलचक्कर सेक्टर-17 और सेक्टर-26 होते हुए सूरजपुर, कलेक्ट्रेट और मोंगली गांव तक दो बसों को परमिट जारी किए गए। जेवर एयरपोर्ट से परी चौक तक 12 बसों के लिए परमिट को मंजूरी मिली।

केएन चौधरी, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम, ”सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए 100 सिटी बसों के संचालन की योजना बनाई गई है। नगर विकास विभाग बसों को उपलब्ध कराएगा। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.