गाजियाबाद: भारी बारिश के चलते स्कूल बंद, जलभराव और जाम से जनजीवन अस्त-व्यस्त
गाजियाबाद में बारिश के कारण नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल आज बंद। शहर के अंडरपास, एनएच-9 और मुख्य सड़कों पर भारी जलभराव और लंबा जाम। पढ़ें विस्तृत रिपोर्ट।
गाजियाबाद जिले में भारी बारिश को देखते हुए नर्सरी से कक्षा 12 तक के स्कूल आज बंद कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने एक निर्देश में कहा है कि नर्सरी से कक्षा 12 तक के संचालित सभी सरकारी, प्राइवेट, अशासकीय सहायता प्राप्त किसी भी बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों में आज दिनांक 9 जुलाई 2026 को नर्सरी कक्षा से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी। इसके बाद गाजियाबाद के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी किया।
जाम और जलभराव से आफत
बारिश के बाद दूसरे दिन बुधवार को जाम और जलभराव से आफत रही। विजयनगर में एनएच-9 पर पानी भर गया। सभी अंडरपास बारिश के पानी से लबालब हो गए। महानगर की प्रमुख सड़कों, अंडरपास और बाजारों में पानी भरने से वाहनों की रफ्तार थम गई। कई जगह दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए, जबकि पैदल राहगीरों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।
आने-जाने में परेशानी
नगर निगम ने मानसून से पहले जल निकासी के दावे किए थे। इसके लिए नालों की सफाई कराई जा रही थी। लेकिन बारिश में जलभराव से लोग परेशानी झेल रहे हैं। बुधवार को दिनभर बारिश होती रही। इस कारण पुराना बस अड्डा, नया बस अड्डा, तहसील परिसर, नंदग्राम में क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के सामने, मेरठ रोड, रमतेराम रोड, नवयुग मार्केट, कैला भट्टा, गौशाला फाटक अंडरपास, हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन अंडरपास और मेरठ एक्सप्रेसवे के अंडरपास पानी से लबालब हो गए। इस कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ी। अंडरपास में कई दोपहिया वाहन बंद हो गए, जिन्हें लोगों ने धक्का देकर बाहर निकाला।
सड़कों पर कीचड़ फैला
मेरठ रोड पर राजनगर एक्सटेंशन के पास पानी भर गया। लालकुआं पर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। विजयनगर में एनएच-9 पर कई जगह पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। वहीं विजयनगर क्षेत्र की कई सड़कों पर कीचड़ फैल गया। वहां सड़कों की मरम्मत का काम चल रहा है। कीचड़ से कई दोपहिया वाहन सवार फिसल गए।
सुबह और शाम के समय लंबा जाम
लगातार दूसरे दिन हुई बारिश ने गर्मी से काफी हद तक राहत दी। तापमान में पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को भी तड़के ही कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई थी। सुबह 10 बजे से अलग-अलग इलाकों में जोरदार बारिश हुई। देर रात तक बारिश होती रही और शहर भर में जलभराव हुआ। व्यस्त मार्गों पर पानी भरने से सुबह और शाम के समय लंबा जाम लगा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए।
सड़कें पानी में डूबी रहीं
कौशांबी बस डिपो में पानी भरने से यात्रियों को बसों तक पहुंचने के लिए पानी के बीच से गुजरना पड़ा। फिसलन के कारण बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक दिक्कत हुई। जीटी रोड पर मेजर मोहित शर्मा मेट्रो स्टेशन, राजबाग मेट्रो स्टेशन और शहीद नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे जलभराव के कारण लंबा जाम लगा। वैशाली सेक्टर-चार, सेक्टर-पांच, गुरुद्वारा रोड और काला पत्थर रोड पर भी सड़कें पानी में डूबी रहीं।