ग्रेटर नोएडा: 21वीं मंजिल से कूदकर युवक ने दी जान, दूसरी घटना में शव बरामद

ग्रेटर नोएडा में इंटरव्यू देने आए 23 वर्षीय युवक ने 21वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या। वहीं, नहर में कूदे एक अन्य युवक का शव 3 दिन बाद बरामद।

ग्रेटर नोएडा में एक युवक ने बुधवार की शाम पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी के स्टूडियो अपार्टमेंट की 21वीं मंजिल के कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने इंटरव्यू में असफल होने पर जान देने की आशंका जाहिर की है। पुलिस युवक के परिजनों से संपर्क करने के प्रयास में जुटी है।

सूरजपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मूलरूप से देवरिया निवासी 23 साल का वेदांत शाही ने बुधवार की शाम सोसाइटी की हाईराइज बिल्डिंग में एक स्टूडियो अपार्टमेंट किराये पर लिया था। वह करीब 3:39 बजे स्टूडियो अपार्टमेंट में पहुंचा और करीब 3:50 बजे नीचे कूद गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आधार कार्ड से पहचान हुई

पुलिस के मुताबिक आधार कार्ड से युवक की पहचान हुई। युवक का मोबाइल भी बरामद हुआ है, लेकिन उसका पैटर्न लॉक लगा हुआ है। पुलिस का कहना है कि युवक के मोबाइल का पैटर्न लॉक लगा होने की वजह से परिजनों या किसी परिचित का नंबर नहीं मिल पा रहा है। पुलिस परिजनों से संपर्क करने के प्रयास में जुटी है। परिजनों से संपर्क होने पर घटना के बारे में जानकारी दी जाएगी। परिजनों के ग्रेटर नोएडा पहुंचने पर घटना के बारे में पता चल सकेगा।

आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक यहां किसी कंपनी में इंटरव्यू देने के लिए आया था। आशंका है कि इंटरव्यू में असफल होने पर युवक ने यह कदम उठाया। हालांकि, अभी आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। परिजनों के आने पर घटना के बारे में पता चल सकेगा। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नहर में कूदे युवक का शव मिला

नहर में छलांग लगाने वाले युवक का शव तीन दिन बाद घटनास्थल से करीब पचास किलोमीटर दूर मिला। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उसे तलाशने करने में जुटी थीं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सिकंदराबाद के गांव प्राणगढ़ निवासी 33 साल का विजय सोमवार को बाइक पर सवार होकर अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ अपनी ससुराल जेवर के कानपुर गांव आया था।

पत्नी और बच्चों को ससुराल में छोड़कर वह अपने गांव जाने के लिए निकला था। वह रास्ते में चचूरा गांव के पास बाइक को सड़क किनारे खड़ी करके नहर में कूद गया। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर युवक के परिजन और ससुराल वाले भी पहुंच गए।

पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से युवक की नहर में तलाश शुरू की। बुधवार को घटनास्थल से करीब पचास किलोमीटर दूर अलीगढ़ जनपद के प्रेमपुर बालमपुर गांव के पास नहर से उसका शव बरामद किया गया। बताया जाता है कि नहर में कूदने के समय युवक शराब के नशे में था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.