छात्रा से दरिंदगी, दो नाबालिग समेत 3 आरोपी पकड़े गए

7वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 2 नाबालिग समेत 3 आरोपियों को हिरासत में लिया। वहीं विजयनगर से 10वीं की छात्रा 5 दिन से लापता।

गाजियाबाद के वेव सिटी थानाक्षेत्र के एक गांव में बुधवार शाम सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। पीड़िता के बताने पर परिजन उसे थाने लेकर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है आरोपियों में दो नाबालिग हैं।

छात्रा को बहाने से घर बुलाकर वारदात

जानकारी के मुताबिक थानाक्षेत्र के गांव में रहने वाली पीड़िता की पड़ोस में रहने वाले एक आरोपी से दोस्ती थी। बुधवार शाम उसने छात्रा को बहाने से अपने घर बुलाया। वहां उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और बाद में अपने दो साथियों को भी बुला लिया। दोनों ने भी छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।

बदहवास हालत में पहुंची घर, परिवार के लोगों को बताई पूरी बात

घटना के बाद छात्रा बदहवास हालत में अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी वारदात की जानकारी दी। बेटी की आपबीती सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। परिवार के लोग पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

दबोचे गए आरोपियों में दो नाबालिग

गाजियाबाद पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपियों में एक की उम्र 14 वर्ष, दूसरे की 16 वर्ष और तीसरे की 18 वर्ष है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटा रही है। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। दो आरोपी नाबालिग हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पीड़िता के बयान और मेडिकल परीक्षण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विजयनगर में भी वारदात, छात्रा 22 अगस्त से लापता

विजयनगर में 10वीं की छात्रा 22 अगस्त की शाम से ही लापता है। छात्रा कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं आई। वह बीते 5 दिनों से लापता है। काफी ढूंढने पर भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने 23 अगस्त को विजयनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

विधायक के पास पहुंचा पीड़ित परिवार, पुलिस कर रही सरगर्मी से तलाश

परिजनों ने जब कोचिंग में पता किया तो मालूम हुआ कि छात्रा उस दिन वहां पहुंची ही नहीं थी। परेशान घरवाले बुधवार सुबह शहर विधायक संजीव शर्मा के पास मदद की गुहार लगाने पहुंचे, जिस पर विधायक ने थाना प्रभारी को छात्रा को ढूंढने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेज और अन्य तरीकों से छात्रा की तलाश में जुटी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.