गाजियाबाद में जाम से मिलेगी बड़ी राहत, 5.8 किमी लंबे आउटर रिंग रोड की तैयारी तेज

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) सिटी फॉरेस्ट से दुहाई तक ₹90.91 करोड़ से 5.8 किमी लंबा आउटर रिंग रोड बनाएगा। टेंडर प्रक्रिया शुरू, जाम से मिलेगी राहत।

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में सिटी फॉरेस्ट से दुहाई तक आउटर रिंग रोड बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मार्ग के तैयार होने से जाम की समस्या दूर होने की उम्मीद है।

राजनगर एक्सटेंशन में 63 से अधिक सोसाइटियां हैं, जिसमें 2 लाख से अधिक आबादी रहती है। इस क्षेत्र में एक मुख्य मार्ग है, जो जीटी रोड होते हुए एलिवेटेड से दिल्ली-मेरठ रोड को जोड़ता है। इस मार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिस कारण क्षेत्र में जाम की समस्या रहती है। इस मार्ग का इस्तेमाल गाजियाबाद, मुरादनगर, मोदीनगर, मेरठ से हिंडन एयरफोर्स और एलिवेटेड रोड के जरिये दिल्ली नोएडा जाने वाले वाहन चालक करते हैं। इस कारण सुबह और शाम के समय इस मार्ग पर सबसे अधिक वाहनों का दबाव रहता है।

5.8 किलोमीटर लंबा होगा रोड

इस समस्या को दूर करने के लिए जीडीए 45 मीटर चौड़ी आउटर रिंग रोड बनाएगा, जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। जीडीए अधिकारी बताते हैं कि सिटी फॉरेस्ट से दुहाई तक करीब 5.8 किलोमीटर लंबी आउटर रिंग रोड बनाने की प्रक्रिया शुरू करते हुए टेंडर जारी किया है। इसमें इच्छुक एजेंसियां व कंपनियां 18 अगस्त तक अपना आवेदन कर सकती हैं। इस आवेदन के बाद 20 अगस्त को टेंडर जारी किया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने वाली एजेंसियों में से एक का चयन किया जाएगा, जो यह मार्ग तैयार करेगी।

सर्विस रोड भी बनाई जाएगी

जीडीए अधिकारी बताते हैं कि इस मार्ग के जरिये वाहन चालक सिटी फॉरेस्ट के पास से सीधा एनपीआर की तरफ जा सकेंगे। आउटर रिंग रोड पर मुख्य मार्ग के साथ सर्विस रोड भी दी जाएगी। जिससे यहां स्थानीय लोगों को वाहन निकालने में कोई परेशानी न हो।

90 करोड़ रुपये होंगे खर्च

अधिकारी बताते हैं कि यह सड़क नूरनगर, मोरटी, अटौर, भोवापुर, मोरटा और शाहपुर निज मोरटा से होकर गुजरेगी। इस पर जीडीए कुल 90.91 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसमें सड़क के साथ नाले, डिवाइडर, सीवरेज व्यवस्था, फुटपाथ आदि का भी निर्माण किया जाएगा। यह मार्ग इस तरह तैयार होगा कि जलभराव की कोई दिक्कत न हो।

मधुबन बापूधाम के पॉकेट सी में बनेगा गोल चक्कर

गाजियाबाद में मधुबन बापूधाम योजना के पाकेट-सी की तस्वीर जल्द बदलने वाली है। प्राधिकरण ने यहां स्थित गोल चक्कर के निर्माण और सुंदरीकरण के लिए 4.48 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। चयनित एजेंसी को 360 दिन में काम पूरा करना होगा। परियोजना का सबसे बड़ा लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा। गोल चक्कर बनने से वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित होगी, जाम की समस्या कम होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी। रात के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था और हरियाली से क्षेत्र अधिक सुरक्षित और आकर्षक दिखाई देगा। जीडीए मुख्य अभियंता आलोक रंजन ने बताया कि यह कार्य मधुबन बापूधाम को सुव्यवस्थित आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्य की अनुमानित लागत 4.48 करोड़ रुपये है। निविदाएं 18 अगस्त तक जमा की जाएंगी, जबकि 20 अगस्त को तकनीकी बोलियां खोली जाएंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.