नोएडा में मेड की मौत के बाद परिजनों का बवाल, हत्या का आरोप लगा किया पथराव का प्रयास

नोएडा के सेक्टर-51 में बैंक मैनेजर के घर काम करने वाली 18 साल की घरेलू सहायिका ने फंदा लगाकर जान दी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर किया हंगामा।

नोएडा के सेक्टर-51 में एक बैंक मैनेजर के घर काम करने वाली 18 साल की घरेलू सहायिका ने शनिवार को कथित रूप से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद घरेलू सहायिकाएं और स्थानीय लोग सेक्टर-49 थाने पहुंचे और मकान मालिक पर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। कुछ लोगों ने पत्थरबाजी की भी कोशिश की। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह सामने आएगी। घटना की जांच जारी है।

चौथी मंजिल पर लगाई फांसी

थाना सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि सेक्टर-51 के ई-ब्लॉक में रहने वाले एक बैंक मैनेजर के घर पर बिहार के कटिहार जिले के सिरकौल गांव की निवासी महिला और उनकी बेटी घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थीं। शनिवार रात को काम खत्म करने के बाद रूबी घर की चौथी मंजिल पर गई और पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने मौके से जुटाए सुबूत

शाम करीब पांच बजे मकान मालिक उसे लड़की को उठाने पहुंचे तो वह पंखे से लटकी मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस और लड़की की बहन को सूचना दी। बहन मौके पर पहुंची तो उसने भी लड़की की लाश कमरे में लटकी देखी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से सुबूत भी जुटाए।

डेड बॉडी पर नहीं मिले चोट के निशान

पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। रविवार को मृतका के परिजन और अन्य घरेलू सहायिकाएं पहले घटनास्थल पर पहुंचे और बाद में थाना सेक्टर-49 पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवती की हत्या कर उसकी लाश को पंखे से लटका दिया गया है।

मकान पर पत्थरबाजी की कोशिश, हंगामा

भीड़ ने मकान मालिक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और युवती की मौत की जांच की मांग करने लगे। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने मकान की ओर पत्थर फेंकने का प्रयास किया। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद लोग वापस लौट गए। पुलिस ने एहतियात के तौर पर मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी है।

पैनल ने कराया पोस्टमार्टम

हंगामा करने वाले कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने से पहले किसी तरह का विवाद या कानून हाथ में लेने की कोशिश न करें। इधर, शनिवार रात को मृतका की डेड बॉडी का पैनल के जरिए से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। फिर डेड बॉडी परिजनों को सौंप दी गई। मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस सुसाइड की वजहों का पता लगा रही है। बताया जाता है कि मृतका कुछ दिनों से परेशान चल रही थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.