गाजियाबाद में बनेगा नया क्रिकेट स्टेडियम, मंडलायुक्त की बैठक में कई विकास कार्यों को मंजूरी

गाजियाबाद में जीटी रोड पर जाम हटाने के लिए 4 लेन एलिवेटेड रोड बनेगा। जीडीए की बैठक में 66.73 करोड़ के विकास प्रस्ताव मंजूर।

गाजियाबाद में जीटी रोड पर जाम की समस्या दूर करने के लिए 4 लेन एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) में गुरुवार को नगरीय अवस्थापना निधि की बैठक में मंडलायुक्त ने एलिवेटेड रोड, अंडरपास समेत अन्य प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। ये प्रस्ताव कुल 66.73 करोड़ के हैं, जिनसे यातायात सुगमता, सड़क सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा।

जीडीए सभाकक्ष में गुरुवार को मंडलायुक्त मेरठ भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में नगरीय अवस्थापना निधि की बैठक हुई। इसमें जीटी रोड पर घंटाघर रामलीला मैदान के सामने से चौधरी मोड़ होते हुए भाटिया मोड़, आधार सेवा केंद्र तक लगभग दो किलोमीटर चार लेन एलिवेटेड रोड के निर्माण पर चर्चा हुई। अत्यंत व्यस्त होने के कारण इस मार्ग पर जाम लगता है। यहां एलिवेटेड रोड की परियोजना को मंजूरी दे दी गई। वहीं, बैठक में नए गाजियाबाद रेलवे स्टेशन और एलटीएच क्रॉसिंग के बीच डीपीएसजी स्थित रेलवे फाटक को बंद कर उसके स्थान पर अंडरपास का निर्माण होगा।

30 स्थानों पर ओपन जिम बनाने का निर्णय

नगरीय अवस्थापना निधि से गाजियाबाद विकास क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं के पार्कों और अन्य स्थानों पर ओपन जिम बनेंगे। बैठक में इस पर जल्द कार्य शुरू करने की बात कही गई। इस पर 4.50 करोड़ खर्च होंगे। ओपन जिम से लोगों को अपने आवास के पास व्यायाम करने की सुविध मिलेगी।

बुनकर मार्ट के लिए रकम दी जाएगी

मधुबन-बापूधाम योजना में निर्माणाधीन बुनकर मार्ट पर चर्चा की गई। अवस्थापना निधि से स्वीकृत 60 करोड़ की शेष राशि अब दी जाएगी। इससे बुनकर मार्ट के जरूरी कार्य हो सकेंगे। मधुबन-बापूधाम योजना में भूखंडों की बिक्री से प्राधिकरण को आय हो रही है। इसी से योजना में विकास कार्यों को गति मिली है।

क्रिकेट स्टेडियम से पहचान मिलेगी

बैठक में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के स्वामित्व वाली भूमि को लैंड पूलिंग के माध्यम से लेने और स्टेडियम निर्माण के लिए ड्राफ्ट एमओयू और फीजिबिलिटी रिपोर्ट के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी। इस स्टेडियम के बनने से गाजियाबाद को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। शहर में होटल, रेस्टोरेंट, टूरिज्म, ट्रांसपोर्ट और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही खेल से जुड़े प्रशिक्षण, विभिन्न सहायक सेवाओं तथा आयोजन प्रबंधन से जुड़े रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकेंगे।

तीन योजना में भूखंड का विकल्प

बैठक में इंदिरापुरम योजना के शक्तिखंड चार स्थित 5,965.29 वर्गमीटर के होटल भूखंड का भू-उपयोग बदलकर आवासीय में परिवर्तित कर दिया है। वहीं, कोयल एन्क्लेव आवासीय योजना के 12,868.88 वर्ग मीटर और 2,020 वर्ग मीटर के दो ग्रुप हाउसिंग भूखंडों के उपयोग को आवासीय में परिवर्तित किया गया। इंद्रप्रस्थ आवासीय योजना में 4,353 वर्गमीटर भूखंड का भू उपयोग बदलकर प्लॉटेड डेवलपमेंट और एकल बहु-आवासीय इकाइयों के लिए मंजूरी दी गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.